सरगुजा
प्रतिबंधित ई-सिगरेट की अवैध बिक्री पर सरगुजा पुलिस ने बड़ी और सख्त कार्रवाई की है। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा श्री राजेश कुमार अग्रवाल (भा.पु.से.) के दिशा-निर्देशन में थाना गांधीनगर पुलिस की टीम ने सुभाषनगर, बनारस रोड स्थित ‘आयुषी डेली नीड्स पान कॉर्नर’ में दबिश देकर प्रतिबंधित ई-सिगरेट बेचने वाले आरोपी प्रांसु केसरी (24 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 35 नग इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट (अनुमानित कीमत 52,500 रुपये) और 3,000 रुपये नगद समेत कुल 55,500 रुपये का मशरूका जब्त किया है।
वैध दस्तावेज प्रस्तुत न कर पाने पर आरोपी के खिलाफ इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट प्रतिषेध अधिनियम 2019 की धारा 7, 8 तथा बी.एन.एस. की धारा 223 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
युवा पीढ़ी को नशे के इस बढ़ते जाल से बचाने के लिए डीआईजी एवं एसएसपी श्री राजेश कुमार अग्रवाल ने सभी शैक्षणिक संस्थानों के प्रमुखों, प्राचार्यों और अभिभावकों से ई-सिगरेट के दुष्प्रभावों के प्रति बच्चों को जागरूक करने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे अवैध नशे पर पूरी तरह से अंकुश लगाने के लिए समाज का सहयोग बेहद जरूरी है। नागरिक नशे से जुड़ी किसी भी सूचना को सीधे कंट्रोल रूम नंबर 9479193599 या डायल 112 पर साझा कर सकते हैं।
इस सफल रेड कार्रवाई में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, उप निरीक्षक दिलीप दुबे, प्रशिक्षु उप निरीक्षक भारतीय मार्कण्डेय, विवेक चंद्राकर और सहायक उप निरीक्षक वरदान लकड़ा की सराहनीय भूमिका रही।
रिपोर्ट:मयंक श्रीवास्तव,
ब्यूरो चीफ,पुलिसवाला न्यूज़







