अजयगढ़ थाना प्रभारी ने अवैध शराब परिवहन करने वाले आरोपियों को पकड़ा
आरोपियों के कब्जे से 125.460 लीटर अवैध शराब (कीमत ₹1,83,640) जप्त
पन्ना, दिनांक 30 मार्च 2026 (सोमवार)
पुलिस अधीक्षक पन्ना श्रीमती निवेदिता नायडू द्वारा जिले के समस्त थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु सख्त निर्देश दिए गए हैं। उक्त निर्देशों के पालन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पन्ना सुश्री वंदना चौहान के मार्गदर्शन में थाना स्तर पर पुलिस टीमों का गठन कर सतत कार्यवाही की जा रही है।
इसी क्रम में थाना अजयगढ़ प्रभारी निरीक्षक हरि सिंह ठाकुर के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम द्वारा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। दिनांक 30.03.2026 को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक सफेद रंग की कार में अवैध शराब लाकर आरोपी आकाश सोनी के घर स्थित दुकान में रखी जा रही है। सूचना पर तत्काल कार्यवाही करते हुए पुलिस टीम द्वारा माधौगंज स्थित आकाश सोनी के घर पहुंचकर घेराबंदी की गई। मौके पर एक सफेद रंग की चारपहिया वाहन खड़ी मिली, जिसमें बैठा एक व्यक्ति अंधेरे का लाभ उठाकर वाहन सहित फरार हो गया, जबकि दूसरा व्यक्ति भागने का प्रयास करते हुए पुलिस द्वारा पकड़ा गया।
पूछताछ में पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम यादवेन्द्र सिंह परमार निवासी बनहरीकला थाना अजयगढ़ बताया तथा अपने साथी आकाश सोनी निवासी बीआरसी रोड, माधौगंज के साथ मिलकर चंदला से शराब लाकर दुकान में रखने की बात स्वीकार की।
दुकान की तलाशी लेने पर कुल 14 कार्टून में 697 क्वार्टर अवैध अंग्रेजी शराब (गोवा ब्रांड) बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 125.460 लीटर एवं अनुमानित कीमत ₹1,83,640 है। उक्त शराब को मौके पर जप्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के विरूध्द थाना अजयगढ़ में अपराध क्रमांक 156/2026 धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपी:
यादवेन्द्र सिंह परमार, निवासी बनहरीकला, थाना अजयगढ़, जिला पन्ना (म.प्र.)
फरार आरोपी:
आकाश सोनी, निवासी बीआरसी रोड, माधौगंज, थाना अजयगढ़, जिला पन्ना (म.प्र.)
सराहनीय योगदान:
उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी अजयगढ़ निरीक्षक हरि सिंह ठाकुर सहित प्र.आर. अशोक कुमार, जयेन्द्र पाल, राजकुमार, आरक्षक भूपाल सिंह, भूरी सिंह, अमित यादव, अश्वनी कुमार, अरुण प्रताप सिंह, शुभम शुक्ला, प्रदीप एवं मणिराज बागरी की सराहनीय भूमिका रही।
(अजयगढ़ से अमन कुमार की रिपोर्ट)







