कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास मोहगांव में हुआ कार्यक्रम
मंडला। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला एवं बाल विकास परियोजना मोहगांव के अंतर्गत कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास मोहगांव में “फिट इंडिया वूमेंस वीक – 2026” कार्यक्रम का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। इस अवसर पर छात्रावास में रह रही बालिकाओं को आत्मरक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई तथा उन्हें जागरूक बनाने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षित मार्शल आर्ट एक्सपर्ट राम बकस मार्को द्वारा छात्राओं को सेल्फ डिफेंस का लाइव डेमोंस्ट्रेशन दिया गया। उन्होंने बालिकाओं को बताया कि आपात स्थिति में किस प्रकार स्वयं की सुरक्षा की जा सकती है और आत्मविश्वास के साथ किसी भी संकट का सामना कैसे किया जा सकता है। प्रदर्शन के माध्यम से छात्राओं को कई सरल लेकिन प्रभावी तकनीकों की जानकारी दी गई, जिन्हें वे जरूरत पड़ने पर उपयोग कर सकती हैं।
इसके साथ ही कार्यक्रम में बालिकाओं को सुरक्षित परिवहन, विशेष रूप से पब्लिक ट्रांसपोर्ट में यात्रा के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में बताया गया। सुरक्षित पर्यटन, साइबर सुरक्षा तथा ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी गई। बालिकाओं को यह भी बताया गया कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में वे किस प्रकार तुरंत मदद प्राप्त कर सकती हैं। इस दौरान प्रमुख हेल्पलाइन नंबर जैसे 181, 1098 और 112 की जानकारी भी दी गई, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उनका सही उपयोग किया जा सके।
कार्यक्रम में “फिट इंडिया वूमेंस वीक” के संदेश के तहत बालिकाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। उन्हें पौष्टिक आहार, स्वच्छता, नियमित व्यायाम और मानसिक स्वास्थ्य के महत्व के बारे में भी बताया गया। अंत में सभी बालिकाओं को “मैं स्वस्थ रहूंगी, सुरक्षित रहूंगी एवं अन्य महिलाओं को भी जागरूक करूंगी” की शपथ दिलाई गई।
इस आयोजन का उद्देश्य बालिकाओं को शारीरिक, मानसिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाना तथा उन्हें अपने अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में छात्रावास की बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
मंडला से अशोक मिश्रा की रिपोर्ट
