
आज रायगढ़ के पुलिस कंट्रोल रूम में कर्तव्यनिष्ठ महिला पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं अनिल विश्वकर्मा, नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा, डीएसपी प्रभात कुमार पटेल, उत्तम प्रताप सिंह, सिद्धांत तिवारी, सुशांतो बनर्जी और आरआई अमित सिंह की उपस्थिति में महिला पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र और पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने इस मौके पर महिला पुलिस बल की सराहना करते हुए उन्हें नारी सशक्तिकरण की जीवंत मिसाल बताया और कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में उनका योगदान अतुलनीय है।
महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा को और अधिक पुख्ता करने के उद्देश्य से एसएसपी ने इस अवसर पर “हेलो सिस्टर” नामक एक विशेष महिला पुलिस टीम के गठन की महत्वपूर्ण घोषणा भी की। डीएसपी उन्नति ठाकुर के नेतृत्व में काम करने वाली यह एक्सक्लूसिव टीम 24 घंटे सक्रिय रहेगी, जिसके लिए हेल्पलाइन नंबर 94792-70533 जारी किया गया है। इस टीम में महिला थाना प्रभारी सहित अन्य महिला कर्मियों को शामिल किया गया है, जो किसी भी पीड़ित महिला की कॉल पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराएंगी। कार्यक्रम के दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने केक काटकर खुशी साझा की और अपने दायित्वों को पूरी निष्ठा से निभाने का संकल्प लिया।
समारोह में प्रमुख रूप से निरीक्षक कमला पुसाम ठाकुर, उप निरीक्षक वीणा साहू, सहायक उप निरीक्षक सरस्वती महापात्रे, प्रधान आरक्षक जेनिपा पन्ना सहित महिला आरक्षक अनिता बेक, ममता साहू, मेनका चौहान, सुप्रिया सिदार और श्यामा सिदार को उनके सराहनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
रिपोर्ट :मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ,पुलिसवाला न्यूज़
