महासमुंद (छत्तीसगढ़): चलती कार में पानी के विवाद पर दोस्त की हत्या, महानदी के टापू से निकाला गया शव
महासमुंद पुलिस ने एक सनसनीखेज और अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझाते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोस्तों ने ही मामूली विवाद पर अपने साथी की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी थी और साक्ष्य छिपाने के लिए शव को महानदी के एक सुनसान टापू में दफना दिया था। पुलिस ने कार्यपालिक दण्डाधिकारी की उपस्थिति में शव को बाहर निकालकर बरामद कर लिया है।
गुमशुदगी की रिपोर्ट से खुला राज
रायपुर के मंदिर हसौद अंतर्गत इंदिरा कॉलोनी निवासी भुनेश्वर यादव (38 वर्ष) बीते 22 मई से लापता थे। परिजनों की खोजबीन के बाद जब उनका कुछ पता नहीं चला, तो मृतक की पत्नी ने 28 मई को थाना मंदिर हसौद में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। जांच के दौरान मृतक की पत्नी ने पुलिस को बताया कि 22 मई की रात को फोन पर बातचीत के दौरान भुनेश्वर के साथ उसके दोस्त नोहर दास रात्रे, अमित सिंह राजपूत और हेमचंद बंजारे की आवाजें आ रही थीं। इसी सुराग और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस ने तीनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की, जिसके बाद इस खौफनाक हत्याकांड का खुलासा हुआ।
पानी की किल्लत को लेकर हुआ था विवाद
पूछताछ में पता चला कि 22 मई की रात करीब 11:30 बजे आरोपी नोहर रात्रे की ब्रेजा कार (क्रमांक सीजी 04 पीएच/9996) में भुनेश्वर यादव और उसके तीनों दोस्त शराब पीते हुए महासमुंद के नांदगांव की तरफ आ रहे थे। इस दौरान मोहल्ले में पानी की किल्लत की समस्या को लेकर भुनेश्वर का नोहर रात्रे (जो कि पार्षद है) से कार के भीतर ही विवाद शुरू हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि कार में बैठे अन्य दोस्तों ने भी भुनेश्वर के साथ मिलकर मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों की बेरहमी से की गई पिटाई के कारण चलती कार में ही भुनेश्वर यादव की मौत हो गई।
मामा के साथ मिलकर शव को टापू में दफनाया
हत्या के बाद घबराए मुख्य आरोपी नोहर रात्रे ने शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई। वह अपने साथियों के साथ नांदगांव स्थित अपने रिश्तेदार मामा श्रवण जांगड़े के घर पहुंचा और उसे घटना की जानकारी दी। इसके बाद चारों ने मिलकर नांदगांव के पास महानदी के किनारे स्थित एक टापू पर गड्ढा खोदा और शव को जमीन में दफन कर दिया।
पुलिस की कार्रवाई और जप्ती
महासमुंद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कार्यपालिक दण्डाधिकारी की मौजूदगी में खुदाई करवाकर शव को बाहर निकाला और उसकी शिनाख्त की। पुलिस ने इस मामले में तत्परता से कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनके नाम इस प्रकार हैं:
नोहर दास रात्रे (उम्र 35 वर्ष, पार्षद, निवासी मंदिर हसौद)
अमित सिंह राजपूत (उम्र 37 वर्ष, निवासी मंदिर हसौद)
हेमचंद बंजारे (उम्र 36 वर्ष, निवासी मंदिर हसौद)
श्रवणदास जांगड़े (उम्र 45 वर्ष, निवासी ग्राम नांदगांव – आरोपी मामा)
पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई ब्रेजा कार और आरोपियों के पास से 4 नग मोबाइल फोन जप्त कर लिए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ महासमुंद पुलिस द्वारा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 238 और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
रिपोर्ट :मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़
Trending
- *रमपुरी मे करोड़ों के आश्रम निर्माण पर उठे सवाल: बिना तकनीकी निगरानी के चल रहा कार्य, गुणवत्ता पर ग्रामीणों की चिंता*
- नक्सल उन्मूलन अभियान में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता, कांकेर में भारी मात्रा में हथियार व सामग्री बरामद
- चुटका परमाणु परियोजना: 44 विस्थापित परिवारों ने नए आशियाने में रखा कदम
- कैबिनेट मंत्री सम्पतिया उइके का अभिनंदन, ट्राइबल वेलफेयर टीचर्स एसोसिएशन का धन्यवाद कार्यक्रम सम्पन्न
- *रायपुर जबलपुर नेशनल हाईवे30 हादसा शारदा मंदिर नाँगा घाटी मे*
- *आरक्षक भूरी सिंह को दी गई भावभीनी विदाई, पुलिस परिवार ने उज्ज्वल भविष्य की कामना की*
- 5 दिन से लापता मासूम का जंगल में मिला क्षत-विक्षत शव, हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस
- सावधान शराब कोचिये! रतनपुर पुलिस घर में घुसकर कर रही गिरफ्तारी | 3 पकड़े गए, सीधे जेल*







