धमतरी।
धमतरी पुलिस ने महिला और बाल अपराधों के खिलाफ अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए न्याय व्यवस्था को सुदृढ़ करने में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के दिशा-निर्देशों के तहत केरेगांव थाना क्षेत्र के एक गंभीर पॉक्सो प्रकरण में मजबूत और तथ्यपरक विवेचना के आधार पर आरोपी को सजा दिलाने में सफलता प्राप्त की है। माननीय अपर सत्र न्यायाधीश (एफटीसी/पॉक्सो), धमतरी के न्यायालय ने नाबालिग से दुष्कर्म के दोषी राकेश मंडावी (28 वर्ष), निवासी सियादेही को पॉक्सो एक्ट के तहत शेष प्राकृतिक जीवनकाल के लिए आजीवन कारावास और अर्थदंड से दंडित किया है।WhatsApp Image 2026 08 06 at 14.43.02
मामले की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए तत्कालीन केरेगांव थाना प्रभारी निरीक्षक टुमन लाल टडसेना ने तत्परता से वैज्ञानिक और विधिसम्मत साक्ष्य एकत्रित कर अदालत के समक्ष प्रभावी पक्ष रखा। उनकी इसी उत्कृष्ट और निष्पक्ष विवेचना के कारण न्यायालय में अपराध पूरी तरह सिद्ध हो सका। निरीक्षक टुमन लाल टडसेना के इस बेहतरीन कार्य और पुलिस की साख बढ़ाने वाले प्रयास की सराहना करते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय ने उन्हें पुरस्कृत करने का निर्णय लिया है। धमतरी पुलिस का यह कदम अपराधियों में खौफ और आम जनता में सुरक्षा का भाव पैदा करने की दिशा में एक सशक्त संदेश है।

रिपोर्ट: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़

Leave A Reply

Exit mobile version