अनूपपुर। जमुना के मुख्य दुर्गा पंडाल में 17 एवं 18 जुलाई को आयोजित दो दिवसीय भव्य दंगल (कुश्ती) प्रतियोगिता का शनिवार को उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हुआ। दो दिनों तक चले इस आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों तथा पड़ोसी देश नेपाल से आए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के पहलवानों ने अपने दमदार दांव-पेंच और उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन कर हजारों दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
प्रतियोगिता का सबसे बड़ा आकर्षण महिला पहलवानों का शानदार प्रदर्शन रहा। दूसरे दिन भी महिला पहलवानों ने रोमांचक मुकाबलों में पुरुष पहलवानों को पराजित कर अपनी प्रतिभा, ताकत और तकनीकी कौशल का बेहतरीन परिचय दिया। उनके प्रदर्शन पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं।
दंगल में राजस्थान, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, दिल्ली और नेपाल से आए 7 महिला एवं 18 पुरुष सहित कुल 25 राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के पहलवानों ने भाग लिया। कई मुकाबले इतने रोमांचक रहे कि अंतिम क्षण तक जीत-हार का फैसला नहीं हो सका और निर्णायक दांव लगते ही पूरा अखाड़ा तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
समापन समारोह में पहुंचे अतिथियों का नगर पालिका अध्यक्ष राम अवध सिंह एवं मंडल अध्यक्ष धीरेन्द्र सिंह ने शॉल एवं श्रीफल भेंटकर स्वागत किया। इस अवसर पर एसईसीएल जमुना-कोतमा क्षेत्र के महाप्रबंधक प्रभाकर राम त्रिपाठी, वित्त प्रबंधक जे. दत्ता, नगर परिषद डूमर कछार के अध्यक्ष डॉ. सुनील चौरसिया, भाजपा जिला मीडिया प्रभारी राजेश सिंह, सांसद प्रतिनिधि मनोज सिंह, मंडल अध्यक्ष पुष्पेंद्र जैन, मंडल अध्यक्ष ब्रजेश चतुर्वेदी, लाल बहादुर जायसवाल, सरपंच शिवभान सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं क्षेत्र के पत्रकार मौजूद रहे।
जमुना, कोतमा, बिजुरी, अनूपपुर सहित आसपास के क्षेत्रों से हजारों खेल प्रेमी प्रतियोगिता देखने पहुंचे। महिलाओं, युवाओं और बच्चों की भारी उपस्थिति से पूरे आयोजन के दौरान मेले जैसा माहौल बना रहा। कार्यक्रम का सफल मंच संचालन राजा सिंह ने किया।
नगर पालिका अध्यक्ष राम अवध सिंह ने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन भारतीय पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने के साथ-साथ युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करते हैं। वहीं मंडल अध्यक्ष धीरेन्द्र सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य पारंपरिक कुश्ती को प्रोत्साहित करना तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के पहलवानों को एक मंच उपलब्ध कराना है।
समापन अवसर पर विजेता एवं उपविजेता पहलवानों को सम्मानित किया गया। दो दिवसीय इस भव्य दंगल प्रतियोगिता ने खेल प्रेमियों के दिलों में अपनी विशेष पहचान बनाई। विशेष रूप से महिला पहलवानों के शानदार प्रदर्शन ने यह साबित कर दिया कि वे किसी भी चुनौती का डटकर सामना करने में पूरी तरह सक्षम हैं। पूरे आयोजन में खेल भावना, अनुशासन और रोमांच का अद्भुत संगम देखने को मिला, जिससे जमुना का यह दंगल लंबे समय तक लोगों की यादों में बना रहेगा।

— रिपोर्टर : दिनेश केवट, जिला ब्यूरो, अनूपपुर

Comments are closed.

Exit mobile version