इंदौर
इंदौर। ऑनलाइन गेमिंग की आड़ में सट्टा खिलाने वाले दो आरोपियों को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है। आरोपी CretaBet, Pablo247 और Lotus265 जैसे एक्सचेंज पर ID बनाकर ऑनलाइन सट्टा संचालित करते थे और रकम म्यूल बैंक खातों में लेते थे।
पुलिस आयुक्त के निर्देशन में क्राइम ब्रांच की टीम ने मुखबिर की सूचना पर कुलदीप धनावत (19), निवासी ग्राम खंडेरिया गुलाना, शाजापुर और महावीर हर्षवाल (23), निवासी शांति निकेतन रोड बड़नगर को पकड़ा।
पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी ऑनलाइन सट्टा/बेटिंग की ID तैयार कर लोगों को उपलब्ध कराते थे और गेमिंग गतिविधियों का संचालन करते थे। सट्टे से आने वाली रकम को वे अलग-अलग म्यूल अकाउंट में जमा करवाते थे ताकि पकड़ में न आएं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 8 मोबाइल फोन, 1 लैपटॉप और 8 ATM कार्ड जब्त किए हैं। जब्त इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस की टेक्निकल जांच की जा रही है। ID, बैंक खाते और डिजिटल लेन-देन का एनालिसिस किया जा रहा है।
दोनों के खिलाफ पब्लिक गैंबलिंग एक्ट 1976 की धारा 4(a), दूरसंचार अधिनियम 2023 की धारा 112(1) और आईटी एक्ट 2000 की धारा 66 के तहत केस दर्ज कर जांच जारी है। क्राइम ब्रांच म्यूल खातों और इनसे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
रिपोर्ट मनोज कुमार शर्मा इंदौर








