महिला सशक्तिकरण, खेल भावना और सामाजिक जागरूकता का दिया संदेश; एसडीओपी गरिमा दादर ने साइबर अपराध व नशे के दुष्प्रभावों से ग्रामीणों को किया जागरूक
छुरा (गरियाबंद), 26 अक्टूबर 2026। ग्राम मंडेली में युवा क्रांति ग्राम समिति के तत्वावधान में 24 एवं 25 अक्टूबर को आयोजित दो दिवसीय महिला एवं पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। प्रतियोगिता में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंची टीमों ने दमखम दिखाते हुए खेल भावना, अनुशासन और टीम वर्क का शानदार प्रदर्शन किया।
समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में एसडीओपी गरिमा दादर थाना छुरा के पुलिस बल के साथ शामिल हुईं। वहीं, भारतीय महिला कबड्डी टीम की सदस्य संजू देवी यादव की विशेष उपस्थिति ने खिलाड़ियों, युवाओं और ग्रामीणों का उत्साह बढ़ाया।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने वाली संजू देवी यादव ने युवाओं, विशेषकर बेटियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने, अपनी प्रतिभा निखारने और देश व क्षेत्र का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। एसडीओपी गरिमा दादर ने खेलों को स्वस्थ जीवन, अनुशासन, आत्मविश्वास और सामूहिक भावना के विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
खेल के साथ सामाजिक जागरूकता का संदेश
कार्यक्रम के दौरान छुरा पुलिस ने ग्रामीणों को साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक और ओटीपी साझा करने से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक किया। साथ ही युवाओं को नशे से दूर रहने तथा इसके शारीरिक, पारिवारिक और सामाजिक दुष्परिणामों से बचने की अपील की गई।
महिलाओं के अधिकारों, घरेलू हिंसा और महिला संबंधी अपराधों पर भी जानकारी दी गई। पुलिस ने किसी भी प्रकार की समस्या या अपराध की स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क करने की सलाह दी।
कार्यक्रम में ग्राम मंडेली के जनप्रतिनिधि, युवा क्रांति ग्राम समिति के पदाधिकारी, थाना छुरा के पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, खिलाड़ी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। आयोजकों ने अतिथियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
रिपोर्ट नेहरू साहू जिला ब्यूरो गरियाबंद








