मैहर मध्य प्रदेश
विधायक श्री चतुर्वेदी, कलेक्टर श्रीमती मुखर्जी एवं पुलिस अधीक्षक श्री सिंह ने शहीदों को किया नमन
मैहर, 21 अक्टूबर 2026। राष्ट्रीय पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन मैहर स्थित अमर जवान स्मारक पर शहीद पुलिस जवानों की स्मृति में गरिमामय श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। विधायक श्री श्रीकांत चतुर्वेदी, कलेक्टर श्रीमती बिदिशा मुखर्जी एवं पुलिस अधीक्षक श्री अवधेश प्रताप सिंह ने अमर जवान स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर देश की रक्षा एवं आंतरिक सुरक्षा में प्राणों का बलिदान देने वाले वीर शहीद जवानों को नमन किया।इस अवसर पर उप पुलिस अधीक्षक डॉ. चंचल नागर, नगर पुलिस अधीक्षक श्री महेंद्र सिंह चौहान, थाना प्रभारी मैहर श्री अभिषेक सिंह परिहार, आर.आई. श्री दिलीप तिवारी, यातायात निरीक्षक श्रीमती कृष्णा मिश्रा, यातायात उप निरीक्षक श्री विक्रम पाठक, निरीक्षक श्रीमती रेनू मिश्रा और अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं शहीद परिवारों के सदस्य उपस्थित रहे।
सभी ने स्मारक पर पुष्प अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में शहीद परिवारों का सम्मान भी किया गया। इस क्रम में अमर शहीद श्री शंकर प्रसाद पटेल की पत्नी को शॉल, श्रीफल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया।
पुलिस अधीक्षक श्री सिंह ने कहा कि शहीद जवानों का बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उनका साहस, समर्पण एवं राष्ट्र के प्रति निष्ठा सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। पुलिस स्मृति दिवस हमें देश की सुरक्षा, शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की प्रेरणा देता है।
रिपोर्टर आशीष चतुर्वेदी







