प्रोफेसर कॉलोनी सेक्टर-1 में भैया तालाब के पास जमीन को लेकर विवाद, प्रारंभिक जांच में शासकीय जमीन होने की आशंका।
रायपुर। राजधानी के प्रोफेसर कॉलोनी सेक्टर-1 में भैया तालाब के पास स्थित जमीन को निजी बताकर कब्जा करने और बेचने की कोशिश का आरोप मोहल्लेवासियों ने लगाया है। मामले की शिकायत के बाद जोन-6 कमिश्नर हितेंद्र यादव ने तहसीलदार को पत्र लिखकर जमीन का दोबारा पारदर्शी तरीके से सीमांकन कराने कहा है।
शिकायतकर्ताओं शुभांकर पांडेय, ईश्वर यादव, हेमंत, सीमा सहित अन्य मोहल्लेवासियों का आरोप है कि कुछ लोग खाली पड़ी शासकीय जमीन पर कब्जा कर उसे बेचने की फिराक में हैं। उनका कहना है कि जमीन की सुरक्षा के लिए लगाया गया बोर्ड भी उखाड़कर फेंक दिया गया है।
मोहल्लेवासियों के अनुसार, विवादित जमीन का कुछ हिस्सा लगभग 60 फीट चौड़ी मुख्य सड़क में भी आता है। उनका आरोप है कि सड़क का पक्का निर्माण नहीं होने का फायदा उठाकर उस हिस्से पर भी कब्जे की कोशिश की जा रही है।
शिकायत के आधार पर जोन कार्यालय की इंजीनियरों की टीम ने प्रारंभिक जांच की। जांच में संबंधित खसरा नंबर का ऑनलाइन रिकॉर्ड से मिलान नहीं होने की बात सामने आई। शिकायतकर्ताओं ने जमीन को निजी बताने के लिए फर्जी दस्तावेज तैयार किए जाने की आशंका भी जताई है।
जोन कमिश्नर ने क्या कहा।
जोन-6 कमिश्नर हितेंद्र यादव ने बताया कि शिकायत मिली है। प्रारंभिक जांच में जमीन शासकीय प्रतीत होती है। इसलिए तहसीलदार को पत्र लिखकर दोबारा पारदर्शिता के साथ सीमांकन कराने कहा गया है। सीमांकन के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़








