नीमच। सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए दिव्यांगजनों हेतु कार्यशाला का आयोजन 8 अक्टूबर को प्रातः 10 बजे से जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र, भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, जिला अस्पताल के सामने, नीमच में किया जाएगा। प्रतिभागियों के लिए अल्पाहार की व्यवस्था भी रहेगी।
कार्यशाला में विशेषज्ञों द्वारा कौशल विकास, रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी दी जाएगी। मोबाइल रिपेयरिंग, डेयरी, अगरबत्ती निर्माण, कागज के उत्पाद, पापड़-अचार-मसाला, सिलाई, जूट उत्पाद, ब्यूटी पार्लर, विद्युत उपकरण मरम्मत एवं बेसिक कंप्यूटर प्रशिक्षण सहित विभिन्न रोजगारपरक प्रशिक्षणों के संबंध में मार्गदर्शन दिया जाएगा। साथ ही व्यक्तित्व विकास एवं सकारात्मक सोच के लिए प्रेरक संवाद भी होगा।
अधिक से अधिक दिव्यांगजन कार्यशाला में उपस्थित होकर शासकीय योजनाओं की जानकारी तथा प्रशिक्षण, रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों का लाभ उठाएं।
जिला ब्यूरो ललित सिंह चुंडावत नीमच ✍️







