सतना मध्य प्रदेश
सतना 28 सितम्बर 2026/अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर 1 अक्टूबर 2026 गुरुवार को जिला चिकित्सालय सतना में वृद्धजनों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा। राष्ट्रीय वृद्धजन स्वास्थ्य देखभाल कार्यक्रम एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन मध्यप्रदेश के अंतर्गत आयोजित इस शिविर का विषय “दीर्घायु का युगरू लम्बे जीवन के लिए व्यवस्थाओं का पुनर्विचार” निर्धारित किया गया है। शिविर का आयोजन जिला चिकित्सालय सतना के नवीन ओपीडी हॉल (एनसीडी कक्ष) में किया जाएगा। शिविर में वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक उपचार की सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। इसमें मुख्य रूप से एनसीडी (गैर-संचारी रोग), मोतियाबिंद एवं अन्य नेत्र संबंधी समस्याओं के लिए आंखों की जांच, मानसिक स्वास्थ्य तथा बधिरता की स्क्रीनिंग सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाएंगी। स्वास्थ्य शिविर में अस्थि रोग विशेषज्ञ, नेत्र रोग विशेषज्ञ, नाक-कान-गला रोग विशेषज्ञ, सर्जिकल विशेषज्ञ, क्षय रोग विशेषज्ञ, दंत रोग विशेषज्ञ, मनोरोग विशेषज्ञ एवं फिजियोथेरेपी विशेषज्ञ सहित संबंधित चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। स्वास्थ्य विभाग ने जिले के अधिक से अधिक वृद्धजनों से शिविर में पहुंचकर निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार का लाभ लेने की अपील की है।
प्रशांत त्रिपाठी सतना ब्यूरो






