डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया
सांदीपनि विद्यालय चरगांव में ‘युवा सृजन संवाद’, डायल-112 का लाइव डेमो; थाना भ्रमण कर विद्यार्थियों ने जानी पुलिस की कार्यप्रणाली
शहपुरा। विद्यार्थियों को कानून, सुरक्षा और पुलिस की कार्यप्रणाली से रूबरू कराने के उद्देश्य से शनिवार को शासकीय सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चरगांव, शहपुरा में ‘युवा सृजन संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में डिंडौरी पुलिस अधीक्षक आशीष खरे ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया और उनके सवालों के जवाब दिए। इस दौरान कक्षा 11वीं एवं 12वीं के करीब 150 से 175 छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की।
पुलिस मुख्यालय की सामुदायिक पुलिस शाखा द्वारा संचालित ‘युवा सृजन संवाद’ कार्यक्रम के तहत उत्कृष्ट एवं सांदीपनि विद्यालयों के विद्यार्थियों को विभिन्न विषयों पर जागरूक करने के साथ पुलिस थानों का भ्रमण कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में 19 सितंबर को सांदीपनि विद्यालय चरगांव में कार्यक्रम आयोजित किया गया।
पॉक्सो एक्ट से साइबर अपराध तक दी जानकारी
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को उनके अधिकार और कर्तव्यों के साथ कानूनों की सामान्य जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने पॉक्सो एक्ट, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध एवं साइबर सुरक्षा और यातायात नियमों सहित विभिन्न विषयों पर विद्यार्थियों से चर्चा की।
पुलिस अधीक्षक आशीष खरे ने विद्यार्थियों के साथ वन-टू-वन संवाद किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने कानून, सुरक्षा और पुलिस से जुड़े सवाल पूछे, जिनका एसपी ने सरल तरीके से जवाब देते हुए उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया।
डायल-112 का कराया लाइव डेमो
कार्यक्रम का महत्वपूर्ण हिस्सा डायल-112 की कार्यप्रणाली का व्यावहारिक प्रदर्शन रहा। विद्यार्थियों के सामने डायल-112 के माध्यम से इवेंट कराया गया और बताया गया कि आपात स्थिति की सूचना मिलने के बाद पुलिस किस प्रकार मौके पर पहुंचती है और आगे की कार्रवाई करती है। छात्र-छात्राओं को डायल-112 वाहन का अवलोकन कराते हुए उसमें उपलब्ध व्यवस्थाओं और उसकी कार्यप्रणाली की जानकारी भी दी गई।
थाने पहुंचे विद्यार्थी, समझी शिकायत से कार्रवाई तक की प्रक्रिया
विद्यालय में संवाद के बाद विद्यार्थियों को शहपुरा पुलिस थाने का भ्रमण कराया गया। यहां उन्हें थाने की दैनिक कार्यप्रणाली, शिकायत अथवा रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस द्वारा अपनाई जाने वाली प्रक्रिया और अन्य पुलिस कार्यों के संबंध में जानकारी दी गई। इस दौरान विद्यार्थियों ने पुलिस की कार्यप्रणाली को नजदीक से समझा।
कार्यक्रम में एसडीओपी शहपुरा अजय तिवारी, थाना प्रभारी शहपुरा अनुराग जामदार, विद्यालय के प्राचार्य साहू सहित पुलिस एवं विद्यालय का स्टाफ मौजूद रहा। जिला पुलिस के मुताबिक युवा सृजन संवाद का उद्देश्य विद्यार्थियों को कानून, सुरक्षा और नागरिक दायित्वों के प्रति जागरूक करने के साथ पुलिस और युवाओं के बीच संवाद एवं विश्वास को मजबूत करना है।








