रायपुर। थाना मौदहापारा क्षेत्र से बिना बताए घर से निकले नाबालिग बालक जीशान, पिता मोहम्मद सलीम को मौदहापारा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई और तकनीकी जांच के माध्यम से महज दो दिनों के भीतर मध्यप्रदेश से सकुशल दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बच्चे के सुरक्षित वापस घर पहुंचने पर चिंतित परिवार ने राहत की सांस ली और उनके चेहरे पर फिर मुस्कान लौट आई।
जानकारी के अनुसार 15 सितंबर 2026 को शाम करीब 5 बजे जीशान किसी बात से नाराज होकर बिना बताए घर से निकल गया था। परिजनों ने अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो उन्होंने थाना मौदहापारा पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल धारा 137(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर नाबालिग की तलाश शुरू कर दी।
डीसीपी सेंट्रल जोन श्री तारकेश्वर पटेल एवं एडिशनल डीसीपी श्री विवेक शुक्ला के मार्गदर्शन में तथा थाना प्रभारी श्री शक्ति सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नाबालिग की तलाश के लिए तकनीकी संसाधनों का प्रभावी उपयोग किया। पुलिस ने विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही संभावित मार्गों, ट्रेन के आवागमन और रूट की जानकारी का बारीकी से विश्लेषण किया। नाबालिग के घर से निकलने के बाद उसके संभावित मूवमेंट को जोड़ते हुए पुलिस टीम लगातार उसकी पतासाजी में जुटी रही।
लगातार किए गए प्रयासों और तकनीकी जांच के दौरान पुलिस को जीशान के मध्यप्रदेश के सुजालपुर में होने की महत्वपूर्ण जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने तत्काल आरपीएफ सुजालपुर से समन्वय स्थापित किया। पुलिस और आरपीएफ के संयुक्त प्रयास से जीशान को चलती ट्रेन से सकुशल दस्तयाब कर लिया गया।
नाबालिग के सकुशल मिलने के बाद पुलिस द्वारा आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर उसे उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। लंबे समय से बच्चे की चिंता में परेशान परिजनों ने उसे सुरक्षित देखकर राहत की सांस ली। परिजनों ने थाना प्रभारी श्री शक्ति सिंह सहित मौदहापारा पुलिस और रायपुर पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए पुलिस टीम को धन्यवाद दिया।
इस कार्रवाई में मौदहापारा पुलिस ने समयबद्ध कार्रवाई, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण तथा आरपीएफ के साथ बेहतर समन्वय के माध्यम से नाबालिग की तलाश को अंजाम तक पहुंचाया। पुलिस की तत्परता और लगातार किए गए प्रयासों से महज दो दिनों में नाबालिग को सकुशल बरामद कर परिवार से मिलाया जा सका।
रिपोर्ट: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ,पुलिसवाला न्यूज़








