रायपुर में लूट की वारदात कर बिना नंबर के ऑटो से भाग रहे तीन आरोपियों को यातायात पुलिस की तत्परता से घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। संतोषी नगर चौक के पास राहगीर से पर्स और मोबाइल लूटकर भाग रहे ऑटो की सूचना मिलने पर रायपुरा चौक में तैनात एएसआई नारायण वर्मा, आरक्षक विभूति सिंह मारकंडे, आजाद सिंह, घनश्याम मंडल, भूपेंद्र वर्मा एवं सैनिक शालिक राम साहू ने तत्काल पीछा शुरू किया। वायरलेस के जरिए आगे के यातायात स्टाफ को अलर्ट किया गया।
आगे तैनात प्रधान आरक्षक आशुतोष नेताम, प्रधान आरक्षक टेकराम वर्मा एवं आरक्षक दिनेश पटेल की टीम ने योजनाबद्ध घेराबंदी कर ऑटो को रोक लिया। मौके से शंभु लाल, राकेश और लक्की को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटे गए दो मोबाइल फोन और एक पर्स बरामद किया गया। आरोपियों, ऑटो और बरामद सामान को थाना टिकरापारा के सुपुर्द किया गया, जहां धारा 309(4) BNS के तहत कार्रवाई की गई। फरार ऑटो चालक की तलाश जारी है।
यातायात पुलिस की इस तत्परता और सराहनीय कार्य के लिए रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला (भापुसे) द्वारा संबंधित पुलिसकर्मियों को नगद पुरस्कार से पुरस्कृत किया गया।
रिपोर्ट: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ,पुलिसवाला न्यूज़








