सतना मध्य प्रदेश
मध्यप्रदेश राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष निवेदिता शर्मा ने शनिवार को सतना प्रवास के दौरान बाल संरक्षण से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा की। उन्होंने सर्किट हाउस सतना में बाल कल्याण समिति, किशोर न्याय बोर्ड, शिक्षा विभाग, जनजातीय कार्य विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर बच्चों से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। बैठक में विशेष रूप से बाल भिक्षावृत्ति की रोकथाम, पॉक्सो अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन तथा बाल संरक्षण से जुड़े विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। अध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों को बाल अधिकारों की सुरक्षा एवं बच्चों के हित में संचालित गतिविधियों को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए।
बैठक के पश्चात राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष श्रीमती निवेदिता शर्मा ने शासकीय हाई स्कूल सिविल लाइन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में साफ-सफाई व्यवस्था, उदिता कॉर्नर, सुझाव पेटी, पेयजल व्यवस्था सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने विद्यालय के कक्षों का निरीक्षण करते हुए पानी के रिसाव एवं पुताई से संबंधित समस्याओं को भी देखा तथा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए बेहतर एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। आयोग की अध्यक्ष ने सीडब्ल्यूएण्सएन छात्रावास (बालिका) का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छात्रावास में रह रही बालिकाओं से संवाद कर उनकी दिनचर्या, सुविधाओं एवं समस्याओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने छात्रावास में भोजन व्यवस्था का जायजा लेते हुए भोजन निर्धारित मेन्यू के अनुसार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही छात्रावास की सुरक्षा व्यवस्था के अंतर्गत ब्ब्ज्ट कैमरों की व्यवस्था की जानकारी ली तथा बालिकाओं के छात्रावास में आने-जाने से संबंधित रजिस्टर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि छात्रावास में रहने वाली बालिकाओं को सुरक्षित, स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण के साथ आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए। इस अवसर पर श्रीमती चन्द्रकिरण श्रीवास्तव, श्रीमती मंजूषा शाह, श्री राकेश तिवारी, श्रीमती अंजना तिवारी, श्री कामता पाण्डे, श्री श्याम किशोर द्विवेदी, सहायक संचालक महिला एवं बाल विकास सतना, डॉ. दिवाकर तिवारी एवं श्री भूपेन्द्र सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रशांत त्रिपाठी ब्यूरो सतना







