पुलिस अधीक्षक श्री अजय पांडे एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आशीष खरे की निर्देशन में आज दिनांक 11.09.2026 को पुलिस कंट्रोल रूम छिंदवाड़ा में आगामी गणेश उत्सव 2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने हेतु शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिले के राजस्व अधिकारी एवं नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) श्री अभिषेक चौधरी द्वारा ली गई। बैठक में कोतवाली टीआई, कुंडीपुरा टीआई, देहात टीआई, महिला थाना टीआई यातायात प्रभारी सहित शहर छिंदवाड़ा के समस्त गणेश उत्सव समितियों के अध्यक्ष, सचिव एवं डीजे संचालक उपस्थित रहे।
बैठक में दिए गए प्रमुख दिशा-निर्देश :-
1. अनुमति के संबंध में: सभी समितियों को गणेश प्रतिमा स्थापना एवं विसर्जन के लिए निर्धारित प्रारूप में अनुमति लेना अनिवार्य होगा। बिना अनुमति के पंडाल/मंच न लगाया जाये।
2. मूर्ति के संबंध में: माननीय सुप्रीम कोर्ट/NGT के निर्देशानुसार पीओपी (PoP) की मूर्तियों के स्थान पर मिट्टी की इको-फ्रेंडली मूर्ति स्थापित करने हेतु प्रोत्साहित किया गया। मूर्ति की ऊंचाई निर्धारित मानक के अनुरूप रखी जाये।
3. डीजे / ध्वनि विस्तारक यंत्र के संबंध में:
– डीजे संचालकों को सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन के अनुसार ध्वनि का स्तर निर्धारित डेसिबल से अधिक न रखने के निर्देश।
– रात्रि 10 बजे के बाद डीजे/लाउडस्पीकर बजाना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
– अश्लील/भड़काऊ गानों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
– नियम उल्लंघन करने पर ध्वनि प्रदूषण अधिनियम एवं BNS की धाराओं के तहत वैधानिक कार्यवाही की जावेगी।
4.आतिशबाजी के संबंध में
– केवल लाइसेंसी दुकान से ही आतिशबाजी लें।
– पंडाल, अस्पताल, पेट्रोल पंप, ट्रांसफार्मर से 100 मीटर तक आतिशबाजी प्रतिबंधित।
– रात 10 से सुबह 6 बजे तक तेज आवाज वाले पटाखे प्रतिबंधित।
– विसर्जन जुलूस में चलती गाड़ी/हाथ में लेकर आतिशबाजी न चलाएं।
– सुतली बम, हाइड्रोजन बम, 125 डेसिबल से अधिक वाले बम पूर्णतः बैन।
– हर बड़े पंडाल में पानी, रेत, फायर एक्सटिंग्विशर अनिवार्य।
– उल्लंघन पर BNS व विस्फोटक अधिनियम में FIR होगी।
5. सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में:
– प्रत्येक पंडाल में सीसीटीवी कैमरा, अग्निशमन यंत्र, प्राथमिक उपचार किट रखना अनिवार्य।
– महिला एवं बच्चों की सुरक्षा हेतु समिति द्वारा वॉलंटियर तैनात किये जायें।
– विसर्जन जुलूस के दौरान निर्धारित मार्ग का ही उपयोग किया जाये, यातायात व्यवस्था में पुलिस का सहयोग करें।
6. सौहार्द्र एवं अपील: सभी समितियों से अपील की गई कि गणेश उत्सव आपसी भाईचारे एवं शांति के साथ मनाएं। किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें, तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करें।
अधिकारियों द्वारा सभी समितियों को गणेश उत्सव की अग्रिम शुभकामनाएं दी गई एवं शांतिपूर्ण त्यौहार मनाने हेतु सहयोग की अपील की गई।
ब्यूरो पुलिसवाला छिंदवाड़ा_अमित मिश्रा







