कुशाग्र सोम और पद्मिनी साहू ने संभाग स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का बढ़ाया गौरव
गरियाबंद। छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता वर्ष 2026-27 के अंतर्गत 10 सितंबर को स्थानीय बैडमिंटन इंडोर स्टेडियम में संभाग स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में रायपुर, गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद एवं बलौदाबाजार जिले के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में गरियाबंद जिले के खिलाड़ियों ने भी विभिन्न आयु वर्गों में दमदार प्रदर्शन करते हुए अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाया। 14 वर्ष बालक वर्ग में एंजेल्स एंग्लो हाई स्कूल गरियाबंद के छात्र कुशाग्र सोम तथा 17 वर्ष बालिका वर्ग में कुमारी पद्मिनी साहू ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य स्तरीय शालेय बैडमिंटन प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया।
राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन 23 से 26 अक्टूबर 2026 तक सरगुजा जिले में किया जाएगा, जहां संभाग स्तर से चयनित खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
दोनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से उनके परिवार, विद्यालय एवं क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। बताया गया कि कुशाग्र सोम एवं पद्मिनी साहू के परिवारों ने प्रारंभ से ही खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित किया और बच्चों को नियमित अभ्यास एवं अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
खिलाड़ियों की इस सफलता में *स्कूल कोच महेंद्र सिंह ठाकुर* का विशेष योगदान रहा। उनके सतत मार्गदर्शन, नियमित प्रशिक्षण और कठिन अभ्यास के फलस्वरूप खिलाड़ियों ने संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तर पर जगह बनाई।
खिलाड़ियों के चयन पर विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाओं, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, समस्त पीटीआई संघ, जिला शिक्षा अधिकारी एवं कलेक्टर ने बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर गरियाबंद जिले का नाम रोशन करने की शुभकामनाएं दीं।
रिपोर्ट नेहरू साहू जिला ब्यूरो गरियाबंद







