कलश वंदन यात्रा को हम पर्व के रूप में मना रहे हैं —अजय सुखदेव
लांजी। संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें जयंती वर्ष के पावन अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित समरसता संकल्प अभियान के अंतर्गत लांजी नगर में भव्य मंगल कलश वंदन यात्रा निकाली गई। श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक एकता के वातावरण में निकली इस यात्रा में जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं संत गुरु रविदास महाराज जी के अनुयायियों ने सहभागिता की।
यात्रा का शुभारंभ लांजी नगरपालिका परिसर में लांजी विधायक राजकुमार कर्राहे, भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा प्रदेश स्थायी आमंत्रित सदस्य अजय सुखदेव, मंडल प्रभारी महेंद्र उमरे, बिसौनी मंडल अध्यक्ष देवेश ऐडे, लांजी मंडल अध्यक्ष आलोक चौरसिया,पूर्व नगरपालिका उपाध्यक्ष उज्ज्वल श्रीवास्तव एवं भाजपा युवा नेता जितेंद्र गौतम सहित उपस्थित अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज जी के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर यात्रा का शुभारंभ हुआ।
नगर के विभिन्न मार्गों से होकर निकली मंगल कलश वंदन यात्रा का नागरिकों एवं श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। यात्रा के दौरान समता, सामाजिक समरसता, सद्भाव, बंधुत्व एवं राष्ट्र्रीय एकता का संदेश दिया गया। यात्रा का समापन सीतेश्वर मंगल भवन में आयोजित मंचीय कार्यक्रम में हुआ। बालाघाट जिले में भाजपा जिला अध्यक्ष रामकिशोर कावरे के नेतृत्व में बालाघाट नगर से प्रारंभ होकर मंगल कलश वंदन यात्रा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंच रही हैं।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में लांजी के पूर्व विधायक रमेश भटेरे ने संत गुरु रविदास महाराज जी के जीवन एवं उनके सामाजिक चिंतन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संत रविदास जी ने समाज को भेदभाव से ऊपर उठकर समानता, मानवता और भाईचारे के साथ आगे बढऩे का मार्ग दिखाया। उनके विचार आज भी समाज को एकजुट करने की प्रेरणा देते हैं।
भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश स्थायी आमंत्रित सदस्य अजय सुखदेव ने कहा कि समरसता संकल्प अभियान श्रद्धा, समरसता और सामाजिक समता का दिव्य संगम है। मंगल कलश वंदन यात्रा केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि संत गुरु रविदास महाराज जी के विचारों और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का पर्व है। हम इस कलश वंदन यात्रा को पर्व के रूप में मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में भाजपा प्रदेश महामंत्री, पूर्व राज्यसभा सांसद एवं समरसता संकल्प अभियान के प्रदेश संयोजक डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी तथा भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष एवं अभियान के सह-संयोजक भगवान परमार के मार्गदर्शन में यह अभियान व्यापक रूप से चलाया जा रहा है।
रिपोर्ट – दिनेश कावरे







