25 आवेदनों पर गंभीरता से सुनवाई, पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने अधिकारियों को निर्देश
गरियाबंद, 1 सितंबर 2026। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन में अपर कलेक्टर श्रीमती ऋषा ठाकुर ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की मांग, शिकायत एवं समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना। उन्होंने प्रत्येक आवेदन का अवलोकन करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रकरणों का नियमानुसार परीक्षण कर शीघ्र एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आज के जनदर्शन में कुल 25 आवेदन प्राप्त हुए। ग्राम कौंदकेरा निवासी छन्नूलाल ने मुआवजा राशि दिलाने, राजिम निवासी मधु तिवारी ने नक्शे में त्रुटि सुधार, ग्राम गोंदलबाहरा निवासी होरीलाल कमार एवं ग्राम कपसीडीह निवासी ईशान्त राम ने पट्टा प्रदान करने, ग्राम अतरमरा निवासी गोविंद प्रसाद तिवारी ने पुत्री की मार्कशीट में जन्मतिथि सुधार तथा ग्राम कौंदकेरा की राजबाई ने मुआवजा राशि दिलाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया।
अपर कलेक्टर श्रीमती ठाकुर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनदर्शन में प्राप्त प्रत्येक आवेदन को प्राथमिकता से लेते हुए समय-सीमा में निराकरण करें। उन्होंने पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने तथा विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने कहा कि जनदर्शन शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। नागरिकों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं नियमानुसार समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है।
रिपोर्ट नेहरू साहू जिला ब्यूरो गरियाबंद







