देहात पुलिस की कार्रवाई, कार भी जब्त; यूपी के व्यापारी से 55 हजार रुपए में हथियार खरीदने का खुलासा
छिंदवाड़ा। अवैध हथियारों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना देहात पुलिस ने दो युवकों को देशी पिस्टल, छर्रे वाली पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देशी पिस्टल, एक छर्रे वाली पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस और सफेद रंग की कार क्रमांक CG04-DY-4001 जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, 29 अगस्त को थाना प्रभारी निरीक्षक गोविंद सिंह राजपूत को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पोआमा पानी टंकी के पास एक सफेद कार में दो युवक अवैध हथियारों के साथ मौजूद हैं। सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और कार में बैठे दोनों युवकों को हिरासत में लिया।
तलाशी के दौरान पुलिस को आरोपियों के पास से हथियार और जिंदा कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने करीब एक वर्ष पहले उत्तर प्रदेश के एक व्यापारी से 55 हजार रुपए में पिस्टल और कारतूस खरीदना बताया। पुलिस अब हथियार उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति की तलाश में जुटी है। इसके लिए विशेष टीम यूपी भेजे जाने की जानकारी सामने आई है।
आरोपियों पर पहले से कई मामले दर्ज
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ थाना देहात, कुण्डीपुरा, मोहखेड़ और कोतवाली में पहले से कई अपराध दर्ज हैं। पुलिस उनके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास पिता तिमाजी मर्सकोले (25), निवासी कुकड़ीखापा, थाना मोहखेड़, हाल गुलाबरा गली नंबर 15, छिंदवाड़ा तथा मिथुन पिता रामजी उइके (31), निवासी उसरिया, थाना देहात, छिंदवाड़ा के रूप में हुई है।
आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना देहात में अपराध क्रमांक 500/26, धारा 3(5) बीएनएस एवं 25(1-क,ख), 27 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
इनकी रही अहम भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक गोविंद सिंह राजपूत, सउनि संदीप सिंह राजपूत, आरक्षक सौरभ बघेल, सूरज पाल, शेरसिंह तथा साइबर सेल से प्र.आर. नितिन और आरक्षक आदित्य की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
ब्यूरो छिंदवाड़ा पुलिसवाला_ अमित मिश्रा






