विधायक रोहित साहू बोले—भाजपा सुशासन की सरकार, ढाई साल में हरदी को करीब 6 करोड़ के विकास कार्य
गरियाबंद/ ग्राम पंचायत में एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत 28.51 लाख रुपये की लागत से बनने वाले उपस्वास्थ्य केंद्र भवन का भूमिपूजन रविवार को राजिम विधायक रोहित साहू के मुख्य आतिथ्य में उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।
विधायक रोहित साहू ने कहा कि भाजपा सुशासन और विकास की सरकार है। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में चहुंमुखी विकास की गंगा प्रवाहित हो रही है। उन्होंने कहा कि उनके लगभग ढाई वर्ष के कार्यकाल में हरदी में करीब 6 करोड़ रुपये के विकास कार्य हुए हैं, जिसमें सीसी रोड, महतारी सदन, टीना शेड, सामुदायिक भवन सहित अनेक जनोपयोगी कार्य शामिल हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पांच वर्ष के कार्यकाल में भी हरदी में इतने विकास कार्य नहीं हो पाए, जितने भाजपा शासन में ढाई वर्ष में हुए हैं।

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए विधायक ने कहा कि कांग्रेस आज भी जनता को बरगलाने का प्रयास कर रही है, लेकिन जनता अब वादों से नहीं, धरातल पर दिखाई देने वाले विकास कार्यों से सरकार का मूल्यांकन कर रही है। उन्होंने कहा कि गांवों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार भाजपा सरकार की प्राथमिकता है।

कार्यक्रम को भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल चंद्राकर, जिला पंचायत गरियाबंद उपाध्यक्ष श्रीमती लालिमा ठाकुर एवं जिला भाजपा महामंत्री चंद्रशेखर साहू ने भी संबोधित किया।

कार्यक्रम में जिला मंत्री सुरेंद्र सोनटेके, जिला पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष पारस ठाकुर, मंडल अध्यक्ष सुमीत पारख, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष लेखराम साहू, आईटी प्रकोष्ठ के सागर मयानी, युवा नेता प्रतीक तिवारी, वरिष्ठ भाजपा नेता खम्मन ठाकुर, बूथ अध्यक्ष रामाधार साहू, बुधराम साहू सहित भाजपा कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में महिला-पुरुष ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्राम पंचायत हरदी के सरपंच मिथलेश ध्रुव, उपसरपंच दानेश्वर साहू, पंच गुलाब ध्रुव एवं किशुन ठाकुर सहित पंचायत प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम का स्वागत भाषण जनपद पंचायत गरियाबंद के उपाध्यक्ष लेखराम साहू ने किया। मंच का प्रभावी संचालन नेहरू साहू ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन बूथ अध्यक्ष रामाधार साहू ने किया।

उपस्वास्थ्य केंद्र भवन निर्माण को ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण सौगात बताते हुए शासन एवं विधायक के प्रति आभार व्यक्त किया।
रिपोर्ट नेहरू साहू जिला ब्यूरो गरियाबंद







