शहपुरा। तान्या इंडेन गैस एजेंसी शहपुरा की वितरण व्यवस्था को लेकर शनिवार को उपभोक्ताओं में नाराजगी देखने को मिली। गैस सिलेंडर लेने पहुंचे उपभोक्ताओं को करीब तीन घंटे तक एजेंसी में इंतजार करना पड़ा। इसके बाद भी जब सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराया गया तो उन्हें लगभग एक किलोमीटर दूर स्थित गोदाम से सिलेंडर लाने के लिए कहा गया। खास बात यह रही कि उस समय बारिश हो रही थी, जिसके चलते उपभोक्ताओं की परेशानी और बढ़ गई।
उपभोक्ताओं के अनुसार वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत सिलेंडर लेने एजेंसी पहुंचे थे, लेकिन काफी देर तक उन्हें इंतजार कराया गया। तीन घंटे बीतने के बाद भी जब वितरण नहीं हुआ तो उन्हें एजेंसी से दूर स्थित गोदाम जाने के लिए कहा गया। बारिश के बीच उपभोक्ताओं को स्वयं सिलेंडर लेकर लौटना पड़ा।
उपभोक्ताओं का आरोप है कि एजेंसी की वितरण व्यवस्था को लेकर इस तरह की परेशानियां आए दिन सामने आती रहती हैं। उनका कहना है कि गैस सिलेंडर उपलब्ध होने के बावजूद उपभोक्ताओं को समय पर वितरण नहीं किया जाता, जिससे लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ता है। दूर स्थित गोदाम से सिलेंडर लेने की व्यवस्था के कारण बुजुर्गों, महिलाओं और अन्य उपभोक्ताओं को विशेष परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
उपभोक्ताओं ने सवाल उठाया कि यदि सिलेंडर गोदाम में उपलब्ध थे तो उन्हें एजेंसी से लेने पहुंचे उपभोक्ताओं को पहले ही इसकी जानकारी क्यों नहीं दी गई। वहीं, तीन घंटे तक इंतजार कराने के बाद बारिश के बीच करीब एक किलोमीटर दूर भेजने की व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
उपभोक्ताओं ने संबंधित अधिकारियों से एजेंसी की वितरण व्यवस्था की जांच कराने और व्यवस्था को सुचारु बनाने की मांग की है। उनका कहना है कि गैस सिलेंडर जैसी आवश्यक सेवा के लिए उपभोक्ताओं को घंटों इंतजार और बारिश में लंबी दूरी तय करने की स्थिति से राहत मिलनी चाहिए। अब देखना यह है कि जिम्मेदार विभाग इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और उपभोक्ताओं को इस तरह की परेशानी से कब तक निजात मिलती है।
रिपोर्ट अखिलेश झारिया







