शहडोल के बहुचर्चित रामपुर हत्याकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार
शहडोल। अमलाई थाना क्षेत्र के रामपुर में दुकानदार रज्जन उर्फ भूपेंद्र कहार की गोली मारकर हत्या करने वाले 30,000 रुपये के इनामी मुख्य आरोपी राजकुमार मिश्रा उर्फ ‘लल्ला महाराज’ को पुलिस ने छतरपुर जिले के बागेश्वर धाम से धर दबोचा है।
धार्मिक स्थल पर छिपकर काट रहा था फरारी
13 जुलाई 2026 को रामपुर में दुकानदार पर दिनदहाड़े गोली चलाने की वारदात के बाद से मुख्य आरोपी फरार चल रहा था। पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार अग्रवाल के निर्देशन में गठित विशेष जांच टीम (SIT) आरोपी की लगातार तलाश कर रही थी। इस बीच पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी छतरपुर के बागेश्वर धाम में छिपा हुआ है। पुलिस टीम ने 14 अगस्त से वहां डेरा डालकर रेकी शुरू की और 16 अगस्त को उसे घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।
संरक्षण देने वाले 2 मददगार पहले ही जा चुके हैं जेल
विवेचना के दौरान सामने आया था कि घटना के बाद आरोपी को पनाह देने और भगाने में पवन मिश्रा और सीतेश सोनी ने सक्रिय भूमिका निभाई थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों सह-आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था।
आरोपी का लंबा आपराधिक रिकॉर्ड
पकड़ा गया आरोपी राजकुमार शर्मा उर्फ लल्ला (पिता शेषमणि शर्मा, निवासी रामपुर) आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के विभिन्न थानों में गंभीर धाराओं के तहत मामले दर्ज हैं:
कोतवाली (अनूपपुर): एनडीपीएस एक्ट एवं भा.दं.वि. (अप.क्र. 125/2005)
राजेन्द्रग्राम (अनूपपुर): राज्य सुरक्षा अधिनियम एवं 188 भा.दं.वि. (अप.क्र. 56/2006)
गौरेला (छत्तीसगढ़): 20बी, 29 एनडीपीएस एक्ट (अप.क्र. 297/2024)
कोतवाली (शहडोल): 8/20 एनडीपीएस एक्ट (अप.क्र. 661/21)
अमलाई (शहडोल): धारा 103(1) BNS एवं 25/27 आर्म्स एक्ट (अप.क्र. 192/2026)
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस गिरफ्तारी में अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) धनपुरी विकास पाण्डेय, अमलाई थाना प्रभारी भूपेन्द्रमणि पाण्डेय, धनपुरी थाना प्रभारी खेम सिंह पेन्द्रो, खैरहा थाना प्रभारी उमाशंकर चतुर्वेदी, सउनि भूपेन्द्र अहिरवार, सउनि दीपक तिवारी सहित साइबर सेल शहडोल की मुख्य भूमिका रही। आरोपी को विधिक प्रक्रिया पूरी कर न्यायालय में पेश किया गया
अजय पाल






