डिंडौरी मध्यप्रदेश
शहपुरा। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में चल रहे हर घर तिरंगा अभियान के तहत बुधवार को शहपुरा विधानसभा क्षेत्र में भव्य तिरंगा बाइक रैली का आयोजन किया गया। भारतीय जनता युवा मोर्चा मानिकपुर मंडल के तत्वावधान में आयोजित रैली विधायक ओमप्रकाश धुर्वे के नेतृत्व में निकाली गई। रैली में जनपद पंचायत अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं, ग्रामीणों, छात्र-छात्राओं एवं पंचायतकर्मियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
तिरंगा बाइक रैली पोंडी, झगणेशपुर, गरहटा, संग्रामपुर, रनगांव, टिकरिया, सुहगी, बरौदा, रैपुरा, लालपुर, मानिकपुर, बस्तरा,बढ़ईगढ़, देवरी, बरखेड़ा सहित मंडल के प्रमुख गांवों से होते हुए शहपुरा पहुंची। मोटरसाइकिलों के काफिले और हाथों में लहराते तिरंगे ने पूरे क्षेत्र में देशभक्ति का माहौल बना दिया।
रैली के दौरान “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से ग्रामीण अंचल गूंज उठा। मार्ग में जगह-जगह नागरिकों ने उत्साहपूर्वक रैली का स्वागत किया। प्रतिभागियों ने लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान, स्वतंत्रता दिवस के महत्व तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता के प्रति जागरूक किया।
तिरंगा बाइक रैली के माध्यम से ग्रामीणों से हर घर तिरंगा अभियान में सहभागी बनने और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने का आह्वान किया गया। रैली ने क्षेत्रवासियों में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत किया।
इस अवसर पर हिरेन्द्र मरावी, दिलीप झारिया, राजेंद्र तिवारी, संतोषी विश्वकर्मा, विश्वनाथ झारिया, संदीप गौलिया, उत्तम असाटी, धर्मेंद्र झारिया, मानस असाटी, हरीश जित्तू राय सहित सैकड़ों कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। पूरे आयोजन के दौरान शहपुरा विधानसभा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
रिपोर्ट अखिलेश झारिया







