उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने नवा रायपुर में मनाया हरेली तिहार, कृषि औजारों की पूजा कर प्रदेश की खुशहाली की मांगी दुआ
नवा रायपुर स्थित अपने निवास पर छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने प्रदेश के पहले लोक पर्व हरेली को पूरी सादगी और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया। इस अवसर पर उन्होंने गौ माता की सेवा की तथा नांगर, गैती और कुदारी जैसे कृषि औजारों की विधिवत पूजा-अर्चना की। निरोगी स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि की कामना के साथ उन्होंने अपने घर के मुख्य द्वार पर नीम की पत्तियां लगाईं और समस्त छत्तीसगढ़वासियों को पर्व की गाड़ा-गाड़ा बधाई दी।
उप मुख्यमंत्री साव ने हरेली को राज्य की माटी, खेती-किसानी और लोक संस्कृति से जुड़ा एक अनूठा पर्व बताया। उन्होंने कहा कि यह त्यौहार प्रकृति और हमारे अन्नदाताओं के प्रति गहरी कृतज्ञता व्यक्त करने का माध्यम है। भगवान से अच्छी बारिश और लहलहाती फसलों की प्रार्थना करते हुए उन्होंने अपनी समृद्ध सांस्कृतिक पहचान और परंपराओं के संरक्षण व संवर्धन का संकल्प भी दोहराया।
रिपोर्ट :मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ,पुलिसवाला न्यूज़








