भिलाई। नशे के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दुर्ग पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। सुपेला थाना अंतर्गत स्मृतिनगर चौकी पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए ग्राम खम्हरिया क्षेत्र में घेराबंदी कर एक युवक को 15 ग्राम अवैध चिट्टा (हिरोइन) के साथ धर दबोचा। जप्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत लगभग ₹3,40,000 बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी हर्ष देव सिंह विज (21 वर्ष), निवासी शांतिनगर भिलाई, जुनवानी से खम्हरिया की ओर ग्राहक की तलाश में जा रहा था। तलाशी के दौरान उसके पास से 15 ग्राम चिट्टा और अपराध में प्रयुक्त रेडमी कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया गया। कुल जप्त संपत्ति का मूल्य ₹3,70,000 है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(ख) के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
दुर्ग पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में नशे के खिलाफ यह सख्त अभियान लगातार जारी है। पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री की सूचना तुरंत पुलिस को दें, सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
रिपोर्ट:मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ,पुलिसवाला न्यूज़







