सतना मध्य प्रदेश
जिला पंचायत सतना के स्टेनो सुधीर कुमार गर्ग को उनकी लगभग 39 वर्षों की दीर्घ, समर्पित एवं उत्कृष्ट शासकीय सेवा पूर्ण होने पर जिला पंचायत सभाकक्ष में गरिमामय एवं भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर आयोजित समारोह में जिले के जिला पंचायत के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनकी सेवाओं को याद करते हुए उन्हें सम्मानित किया और भावुक मन से विदाई दी।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि श्री गर्ग ने अपने कार्यकाल के दौरान पदीय दायित्वों के प्रति समर्पित भावना से कार्य करते हुए शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी कार्य कुशलता, सहज, सौम्य, कार्य प्रणाली एवं कार्य के प्रति प्रतिबद्धता सदैव प्रेरणादायी रही है। जिला पंचायत के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि श्री गर्ग का सरल, सौम्य एवं सहयोगात्मक व्यवहार सभी के लिए मार्गदर्शक रहा। अपने विदाई उद्बोधन में स्टेनो श्री सुधीर कुमार गर्ग ने कहा कि उन्हें सतना जिले में जिला पंचायत में वरिष्ठ अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ कार्य करने का अवसर मिला, यह उनके लिए गर्व का विषय है। उन्होंने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासकीय सेवा में टीमवर्क ही सफलता की कुंजी है और वे अपने अनुभवों को सदैव संजोकर रखेंगे। समारोह के अंत में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह ने श्री गर्ग को स्मृति चिन्ह एवं शाल-श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य और स्वस्थ जीवन की कामना की गई। कार्यक्रम में जिला कोषालय अधिकारी सुशील कुमार मिश्रा, जनसम्पर्क अधिकारी राजेश सिंह, परियोजना अधिकारी जिला पंचायत डॉ. गौरव शर्मा, सीईओ जनपद ओपी अस्थाना, अशोक मिश्रा, भारती दीक्षित, सहायक परियोजना अधिकारी अवधेश सिंह, शिवरतन सिंह, सीपी तिवारी सहित श्री गर्ग के परिवार जन एवं कार्यालयीन अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
प्रशांत त्रिपाठी ब्यूरो सतना







