(भाटापारा/छत्तीसगढ़)
बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने क्षेत्र में हुई 12 लाख रुपये की अंधी डकैती का पर्दाफाश करते हुए एक अंतरराज्यीय खूंखार हथियारबंद गिरोह के 04 शातिर बदमाशों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के रहने वाले इन आदतन अपराधियों के खिलाफ पूर्व से ही हत्या, डकैती और लूट जैसे 100 से अधिक संगीन मामले दर्ज हैं।
घटना 16 जुलाई 2026 की है, जब ग्राम रोहरा निवासी दीपक ज्वेलर्स के संचालक बलराम सोनी से रोहरा हाई स्कूल के पास चार नकाबपोश अपराधियों ने हमला कर 13 किग्रा चांदी और 70 ग्राम सोना (कीमत ₹12,00,000) लूट लिया था।
नवागत पुलिस अधीक्षक श्री गौरव राय (IPS) के पदभार संभालते ही इस केस को प्राथमिकता पर लेते हुए त्वरित कार्रवाई का खाका तैयार किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हेमसागर सिदार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री खोमन सिन्हा एवं उप पुलिस अधीक्षक श्री कौशल किशोर वासनिक के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी भाटापारा श्री तारेश साहू के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन हुआ।
थाना प्रभारी भाटापारा ग्रामीण निरीक्षक हेमंत पटेल और साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक प्रणाली वैद्य की टीम ने तरेंगा से लेकर रतनपुर मार्ग तक फैले 1,000 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले। इस जांच में AI (Artificial Intelligence) तकनीक का अभूतपूर्व इस्तेमाल करते हुए संदिग्धों का सटीक रूट-मैप तैयार किया गया, जिसके आधार पर योजनाबद्ध दबिश देकर चारों मुख्य आरोपियों—बबलू पाण्डेय, जयदीप गुप्ता, जिआ उल हक और गंगासागर पाण्डेय को दबोच लिया गया।
पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 1 पिस्तौल, 1 देशी कट्टा, 14 जिंदा कारतूस, लोहे की तलवार, महिंद्रा स्कॉर्पियो, 2 मोटरसाइकिलें, मोबाइल और नकदी सहित कुल 26 लाख रुपये का सामान जब्त किया है। पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि इस गिरोह ने वर्ष 2022 और 2024 में भी भाटापारा व सिमगा क्षेत्र के ज्वेलर्स से लूटपाट की वारदातों को अंजाम दिया था। पुलिस फिलहाल आरोपियों को रिमांड पर लेकर उनके पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है।
रिपोर्ट:मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़







