सुकमा: जिला पुलिस अधीक्षक श्री मयंक गुर्जर ने सीआरपीएफ के उप पुलिस महानिरीक्षक श्री आनंद राज पुरोहित के साथ मिलकर जिले के अति-संवेदनशील एवं अंदरूनी क्षेत्रों का व्यापक दौरा किया। इस दौरान दोनों उच्च अधिकारियों ने थाना दोरनापाल, चिंतागुफा, चिंतलनार तथा संबंधित सीआरपीएफ कैंपों का निरीक्षण कर सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की बारीकी से समीक्षा की।
दौरे के दौरान एसपी श्री मयंक गुर्जर ने मौजूद पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को क्षेत्र में सतर्कता बरतने, प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और आपसी समन्वय से काम करने के कड़े निर्देश दिए।
सुरक्षा समीक्षा के साथ-साथ पुलिस अधीक्षक ने सुदूर ग्रामीण अंचलों में पहुंचकर स्थानीय ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित किया। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं और सुझावों को ध्यानपूर्वक सुनकर अधिकारियों को उनके त्वरित निराकरण के आदेश दिए। इस दौरे की खास बात बच्चों के साथ बिताया गया समय रहा, जहाँ एसपी ने बच्चों को चिप्स, चॉकलेट और बिस्किट बांटे। इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण समुदाय और बच्चों के मन से पुलिस का भय दूर कर ‘जन-विश्वास’ को मजबूत करना है।
सुकमा पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे शांति व सुरक्षा बनाए रखने में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत डायल 112 या नजदीकी थाने में दें।
रिपोर्ट: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़








