दमुआ जुन्नारदेव मध्यप्रदेश शासन द्वारा संचालित नशे से दूरी है जरूरी जनजागरूकता अभियान के अंतर्गत बुधवार को दमुआ के नए बस स्टैंड परिसर में प्रभावी नुक्कड़ नाटक एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराना तथा समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश देना रहा।
🖊️कार्यक्रम में जुन्नारदेव एसडीओपी सोनम पाटिल एवं दमुआ थाना प्रभारी प्रमोद सिरसाम की विशेष उपस्थिति रही। उन्होंने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि उसके परिवार, समाज और भविष्य को भी प्रभावित करता है। युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों की ओर अग्रसर होना चाहिए। इस अवसर पर अनुष्का फाउंडेशन की अध्यक्ष जीतिका विश्वकर्मा एवं उनकी टीम ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों का सजीव मंचन किया। कलाकारों ने प्रभावशाली अभिनय के जरिए यह संदेश दिया कि नशे की लत व्यक्ति को अपराध, आर्थिक संकट और सामाजिक पतन की ओर ले जाती है, जबकि नशामुक्त जीवन ही उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। कार्यक्रम में स्कूली छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। उन्होंने जनजागरूकता प्रस्तुतियों और संदेशों के माध्यम से लोगों से नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं जिम्मेदार नागरिक बनने की अपील की।नुक्कड़ नाटक देखने के लिए बड़ी संख्या में नागरिक, विद्यार्थी एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे और सभी ने नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग देने का संकल्प लिया पुलिस विभाग ने कार्यक्रम के माध्यम से स्पष्ट संदेश दिया कि नशे के खिलाफ जनभागीदारी ही सबसे बड़ी ताकत है। समाज, परिवार, विद्यालय और प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से ही युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाया जा सकता है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित नागरिकों से नशा न करने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की गई।
राष्ट्रीय समाचार पत्रिका पुलिस वाला असेंबली रिपोर्टर भगवानदास साहू








