🔹सुरक्षा, यातायात, भीड़ प्रबंधन एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर अधिकारियों ने संबंधित विभागों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश।
▪️आगामी श्रावण मास में प्रत्येक सोमवार को निकलने वाली भगवान श्री महाकालेश्वर की पारंपरिक एवं ऐतिहासिक सवारी के सफल, सुरक्षित एवं व्यवस्थित आयोजन के दृष्टिगत आज वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों द्वारा संपूर्ण सवारी मार्ग का विस्तृत एवं सूक्ष्म निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान उज्जैन संभाग के आयुक्त श्री आशीष सिंह, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक श्री राकेश गुप्ता, पुलिस महानिरीक्षक श्री नवनीत भसीन, कलेक्टर श्री रोशन कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक उज्जैन सहित पुलिस, नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, विद्युत वितरण कंपनी, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, यातायात पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन सेवा तथा अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

▪️निरीक्षण के दौरान अधिकारियों द्वारा संपूर्ण सवारी मार्ग का पैदल भ्रमण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण किया गया। इस दौरान मार्ग पर चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति, क्षतिग्रस्त एवं उबड़-खाबड़ सड़कों की मरम्मत, खुली एवं क्षतिग्रस्त नालियों को सुरक्षित रूप से ढंकने, विद्युत पोल एवं स्ट्रीट लाइटों की स्थिति, लटकते हुए विद्युत तारों को व्यवस्थित करने, प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ करने, जल निकासी व्यवस्था, साफ-सफाई, कचरा निष्पादन, पेयजल व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पार्किंग स्थलों, यातायात डायवर्जन, आपातकालीन निकास मार्ग, फायर सेफ्टी, एम्बुलेंस की उपलब्धता, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, कंट्रोल रूम, सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली (Public Address System), भीड़ प्रबंधन, संवेदनशील एवं भीड़-भाड़ वाले स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं का बारीकी से अवलोकन किया गया।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सवारी प्रारंभ होने से पूर्व सभी निर्माण एवं मरम्मत कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं। मार्ग में कहीं भी जलभराव, खुले मैनहोल अथवा खुली नालियां नहीं रहनी चाहिए। समस्त स्ट्रीट लाइटें एवं विद्युत व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित रहे, साफ-सफाई एवं स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा के दृष्टिगत सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं।
पुलिस अधिकारियों द्वारा सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए सवारी मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, यातायात संचालन, भीड़ नियंत्रण, संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त सुरक्षा, ड्रोन एवं सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी, क्विक रिस्पांस टीम (QRT), बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड तथा आपदा प्रबंधन से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को प्रभावी रूप से लागू करने के निर्देश दिए गए।
🔹वरिष्ठ अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भगवान श्री महाकालेश्वर की सवारी के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन एवं निर्बाध दर्शन प्रशासन एवं पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर समयबद्ध रूप से आवश्यक कार्य पूर्ण करें, ताकि भगवान श्री महाकालेश्वर की सवारी गरिमामय, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो सके।*
उज्जैन से जिला ब्यूरो रिंकू सोगानी







