बिलासपुर
बिलासपुर में भारी बारिश से रेल यातायात प्रभावित, 5 ट्रेनें रद्द और 3 आंशिक रूप से संचालित
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश का सीधा असर अब रेल सेवाओं पर पड़ने लगा है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के बिलासपुर स्टेशन और यार्ड में पटरियों पर भारी जलभराव हो जाने के कारण ट्रेनों का सुरक्षित संचालन प्रभावित हुआ है। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने बिलासपुर-कोरबा, कोरबा-बिलासपुर, बिलासपुर-रायपुर और रायपुर-बिलासपुर रूट की 5 मेमू ट्रेनों को पूरी तरह रद्द कर दिया है।
इसके साथ ही, तीन ट्रेनों के मार्ग में आंशिक बदलाव किया गया है, जिसके तहत रायगढ़-बिलासपुर मेमू को चांपा स्टेशन पर ही समाप्त कर दिया गया और बिलासपुर-रायगढ़ मेमू को चांपा से ही रवाना किया गया। वहीं, रायपुर-बिलासपुर मेमू को दाधापारा स्टेशन से ही वापस रायपुर के लिए मोड़ दिया गया। फिलहाल रेलवे की तकनीकी और इंजीनियरिंग टीमें ट्रैक से पानी निकालने के काम में मुस्तैदी से जुटी हैं। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि स्थिति सामान्य होते ही ट्रेनों का परिचालन फिर से बहाल कर दिया जाएगा। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे मौसम के मिजाज को देखते हुए यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की वर्तमान स्थिति की जानकारी अवश्य ले लें।
रिपोर्ट: शंकर अधिजा
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़, बिलासपुर







