छत्तीसगढ़
राष्ट्रीय शिक्षा अंजोर भारत द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों को सम्मानित करने के लिए “स्व. श्री हरिवंश मिश्र राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान समारोह–2026” का गरिमामय आयोजन 15 जुलाई 2026 को विमतारा शांति नगर, रायपुर में किया गया। इस भव्य समारोह में महात्मा गांधी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रीवां (विकासखंड आरंग, जिला रायपुर) के रसायन शास्त्र के व्याख्याता डॉ. बेद लाल साहू को उनकी उत्कृष्टता और नवाचार के लिए राष्ट्रीय सम्मान से नवाजा गया। संस्था के अनुसार, यह सम्मान शिक्षा में गुणवत्ता, बाल-केंद्रित गतिविधियों, डिजिटल शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति शिक्षकों के समर्पण का एक राष्ट्रीय अभिनंदन है, जो नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।
यह आयोजन भूतपूर्व प्रधानपाठक स्वर्गीय श्री हरिवंश मिश्र की पुण्य स्मृति को समर्पित था, जिन्होंने अपना पूरा जीवन शिक्षा और समाज सेवा में लगा दिया। संस्था के कार्यकारी प्रांताध्यक्ष श्री जितेन्द्र मिश्रा ने बताया कि इस समारोह ने देशभर के शिक्षकों को एक साझा मंच प्रदान किया है, जहाँ शिक्षा व्यवस्था, विद्यार्थियों और समाज के भविष्य को नई दिशा देने वाले अनुभवों का आदान-प्रदान हुआ।
समारोह के मुख्य अतिथि ‘हरिभूमि’ दैनिक समाचार पत्र के प्रधान संपादक डॉ. हिमांशु द्विवेदी थे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता एन.आर. स्टील रायगढ़ के संस्थापक, शिक्षाविद एवं समाजसेवी श्री संजय अग्रवाल ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय रायपुर के पूर्व विभागाध्यक्ष (भाषा विज्ञान) व रेल मंत्रालय के राजभाषा हिंदी सलाहकार डॉ. चितरंजन कर तथा राष्ट्रीय शिक्षा अंजोर भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. पूर्णानंद मिश्रा उपस्थित रहे।
विशेष स्मृति: इस गौरवशाली अवसर पर यह भी उल्लेखनीय है कि ‘पुलिस वाला न्यूज़’ के ब्यूरो चीफ मयंक श्रीवास्तव ने रायपुर में अपनी स्कूल शिक्षा इन्हीं मार्गदर्शक शिक्षक से प्राप्त की है।
इस पूरे राष्ट्रीय अभियान और गरिमामय कार्यक्रम को सफल बनाने में डिजेंद्र कुर्रे, प्रेमचंद साव, डॉ. प्रज्ञा सिंह, रिंकल बग्गा, तरूण कुमार दास, मोहन लहरी, पीतांबर मानिकपुरी, अजय कुमार जायसवाल, जितेन्द्र मिश्रा, रूद्र नारायण तिवारी, वीरेंद्र कुमार कर, रीता पति, शैलेन्द्र नायक, मनोज मुच्छावड, योगेश सिंह ठाकुर, गायत्री मिश्रा, एम.एन. वर्मा और आनंद शर्मा सहित राष्ट्रीय स्तर के कई पदाधिकारियों ने अपनी महत्वपूर्ण व सक्रिय भूमिका निभाई।
रिपोर्ट:मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ,पुलिसवाला न्यूज़







