ऑपरेशन “Safe Click 2.0” के तहत शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सराफा में छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव एवं सुरक्षित डिजिटल व्यवहार की दी गई जानकारी।
मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा संचालित राज्यव्यापी अभियान “ऑपरेशन Safe Click 2.0” के अंतर्गत आज शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सराफा, उज्जैन में उज्जैन पुलिस एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, उज्जैन के संयुक्त तत्वावधान में एक विशेष साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के प्रभावी उपायों की जानकारी प्रदान करना था।
कार्यक्रम में उज्जैन पुलिस की ओर से थाना प्रभारी महाकाल निरीक्षक श्री गगन बादल, सहायक उप निरीक्षक श्री चंद्रभान सिंह चौहान एवं थाना महाकाल पुलिस का स्टाफ उपस्थित रहा। वहीं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, उज्जैन की ओर से डॉ. अंजना शुक्ला, जिला एवं सत्र न्यायाधीश, श्री पी.सी. गुप्ता तथा सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री मनोज भाटी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित छात्र-छात्राओं को वर्तमान समय में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से होने वाली ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, फिशिंग, डिजिटल अरेस्ट, ओटीपी एवं बैंकिंग फ्रॉड, फर्जी जॉब ऑफर, सोशल मीडिया अकाउंट हैकिंग, साइबर बुलिंग, अश्लील एवं आपत्तिजनक ऑनलाइन सामग्री, पहचान की चोरी (Identity Theft) सहित विभिन्न प्रकार के साइबर अपराधों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। साथ ही ऐसे अपराधों से बचाव हेतु आवश्यक सावधानियों एवं साइबर हेल्पलाइन 1930 तथा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों द्वारा छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद स्थापित करते हुए साइबर सुरक्षा एवं सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग से संबंधित प्रश्न पूछे गए। छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए प्रश्नों के उत्तर दिए तथा साइबर सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।
उज्जैन पुलिस द्वारा सभी विद्यार्थियों से अपील की गई कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, ओटीपी, बैंकिंग जानकारी एवं पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें, सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि अथवा साइबर अपराध की जानकारी तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 अथवा निकटतम पुलिस थाना को दें।
उज्जैन पुलिस द्वारा ऑपरेशन “Safe Click 2.0” के अंतर्गत जिलेभर में निरंतर साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर आमजन, विद्यार्थियों एवं विभिन्न संस्थानों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है, ताकि साइबर अपराधों की रोकथाम में जनसहभागिता सुनिश्चित की जा सके।
उज्जैन से जिला ब्यूरो रिंकू सोगानी







