धमतरी जिला पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए हत्या की नीयत से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को घटना के तत्काल बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) धमतरी के कुशल निर्देशन में थाना मगरलोड और पुलिस चौकी करेलीबड़ी की टीम ने इस मामले में त्वरित व प्रभावी कार्रवाई को अंजाम दिया है।
घटना 04 जुलाई 2026 की शाम ग्राम हसदा नंबर-1 की है, जहां पोस्ट ऑफिस के सामने चंद्रहास साहू अन्य ग्रामीणों के साथ बैठे थे। इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर आरोपी देवलाल निषाद (38 वर्ष) वहां पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा। आरोपी ने अपने पास रखी लोहे की हथौड़ी से चंद्रहास पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। पीड़ित द्वारा बचाव करने के प्रयास में वार उसके दाहिने जबड़े और दाहिने हाथ की कोहनी पर लगा, जिससे उसे गंभीर चोटें और फ्रैक्चर आया है। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए एम्स रायपुर रेफर किया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना पर मगरलोड पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। सीन ऑफ क्राइम टीम की मौजूदगी में घटनास्थल से खून से सने साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने आरोपी देवलाल निषाद को हिरासत में लेकर जब पूछताछ की, तो उसके मेमोरेंडम कथन के आधार पर वारदात में इस्तेमाल की गई रक्तरंजित लोहे की हथौड़ी बरामद कर ली गई। मेडिकल रिपोर्ट में भी पीड़ित की चोटें बेहद गंभीर और फ्रैक्चर होना प्रमाणित हुआ है।
वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों को मजबूती से जुटाते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ चौकी करेली बड़ी (थाना मगरलोड) में अपराध क्रमांक 114/26, धारा 296 और 109(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया। इसके बाद आरोपी देवलाल निषाद को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
रिपोर्ट:मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़







