🔹 पुलिस अधीक्षक उज्जैन द्वारा घोषित ₹10,000 के इनामी आरोपी को गुजरात के पाटन जिले से गिरफ्तार कर उज्जैन लाया गया।
🔹 पूर्व में एक आरोपी को रंगे हाथ पकड़ने के बाद फरार मुख्य आरोपी की तलाश में जुटी थी पुलिस, विशेष टीम ने अंतर्राज्यीय कार्रवाई कर दिलाई सफलता।
🔹प्रकरण का संक्षिप्त विवरण-
फरियादी द्वारा थाना माधवनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वर्ष 2023 में उसकी पहचान राज उर्फ सुरेश से हुई, जिसने स्वयं को सोना-चांदी का व्यापारी बताते हुए बाजार मूल्य से कम कीमत पर सोना उपलब्ध कराने का झांसा दिया। विश्वास में लेकर आरोपी ने अलग-अलग खातों एवं माध्यमों से बयाना एवं अन्य खर्च के नाम पर राशि प्राप्त की तथा अपने साथी रोहित उर्फ अंकुर जोशी को उज्जैन भेजकर फरियादी से ₹7.62 लाख नगद भी प्राप्त करवा लिए। इसके बाद दोनों आरोपियों ने अलग-अलग बहाने बनाकर कुल लगभग ₹9.80 लाख की धोखाधड़ी की तथा रुपए वापस मांगने पर फरियादी को झूठे प्रकरण में फंसाने एवं जान से मारने की धमकी दी।
दिनांक 18.05.2026 को आरोपियों ने पुनः फरियादी को पीजीव्हीटी ग्राउंड, उज्जैन बुलाकर सोना देने का झांसा दिया। फरियादी द्वारा तत्काल थाना माधवनगर पुलिस को सूचना देने पर पुलिस ने योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए आरोपी रोहित उर्फ अंकुर जोशी को मौके से गिरफ्तार किया था, जबकि मुख्य आरोपी सुरेश उर्फ राज मौके से फरार हो गया था।
मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए फरार मुख्य आरोपी *सुरेश उर्फ राज पिता कांतिलाल जोशी, उम्र 45 वर्ष, निवासी ग्राम दादका, जिला पाटन (गुजरात)* की गिरफ्तारी हेतु पुलिस अधीक्षक उज्जैन द्वारा ₹10,000 का इनाम घोषित किया गया।
थाना माधवनगर पुलिस द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एक विशेष टीम गठित कर गुजरात रवाना की गई। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन, मुखबिर सूचना एवं स्थानीय स्तर पर लगातार जानकारी एकत्रित करते हुए आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दी। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने आरोपी को उसके निवास स्थान ग्राम दादका, जिला पाटन (गुजरात) से विधिवत गिरफ्तार किया।
गिरफ्तारी के उपरांत आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में उज्जैन लाया गया, जहां पूछताछ के दौरान उसने अपने साथी के साथ मिलकर फरियादी को सस्ते दाम पर सोना दिलाने का झांसा देकर धोखाधड़ी करना स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से पुलिस द्वारा ₹20000 नकद जप्त किए गए हैं ।आरोपी से प्रकरण में अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर पूछताछ जारी है तथा उसके द्वारा प्राप्त की गई धोखाधड़ी की राशि एवं अन्य साक्ष्यों के संबंध में विवेचना की जा रही है।
आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई पूर्ण कर उसे माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
सराहनीय भूमिका
थाना प्रभारी माधव नगर निरीक्षक गजेंद्र पचोरिया , सहायक उप निरीक्षक लक्ष्मीकांत , गौतम आरक्षक 1399 देवराज सिंह , आरक्षक 1632 देवी सिंह की प्रमुख भूमिका रही ।
उज्जैन पुलिस की अपील
उज्जैन पुलिस आमजन से अपील करती है कि सस्ते दाम पर सोना, चांदी अथवा अन्य कीमती वस्तुएं उपलब्ध कराने के नाम पर दिए जाने वाले किसी भी प्रलोभन में न आएं। किसी भी व्यक्ति को बिना सत्यापन ऑनलाइन अथवा नगद राशि का भुगतान न करें। किसी भी प्रकार की साइबर या वित्तीय धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल स्थानीय पुलिस अथवा साइबर हेल्पलाइन 1930 पर सूचना दें।
उज्जैन से जिला ब्यूरो रिंकू सोगानी







