साइबर जागरूकता अभियान के अंतर्गत पेट्रोल पंपों पर आमजन को किया गया जागरूक
थाना दमुआ जिला छिंदवाड़ा –
मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा प्रदेशभर में संचालित साइबर जागरूकता अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक छिंदवाड़ा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा अनुविभागीय पुलिस अधिकारी के मार्गदर्शन में थाना दमुआ पुलिस द्वारा आमजन को साइबर अपराधों से बचाव हेतु लगातार जागरूक किया जा रहा है।
🖊️इसी क्रम में थाना प्रभारी प्रमोद सिरसाम के निर्देशन में थाना दमुआ पुलिस टीम द्वारा नगर स्थित नायरा पेट्रोल पंप एवं एचपी पेट्रोल पंप पर विशेष जनजागरूकता अभियान संचालित किया गया। अभियान के दौरान पेट्रोल पंपों पर पहुंचे वाहन चालकों एवं उपभोक्ताओं को साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों की जानकारी देते हुए उनसे सतर्क एवं जागरूक रहने की अपील की गई।
🖊️पुलिस टीम ने नागरिकों को बताया कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति के फोन, मैसेज, ई-मेल अथवा सोशल मीडिया पर प्राप्त संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें तथा किसी भी परिस्थिति में अपना ओटीपी, बैंक खाता विवरण, एटीएम कार्ड नंबर, सीवीवी, यूपीआई पिन एवं अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। डिजिटल अरेस्ट, फर्जी केवाईसी, ऑनलाइन निवेश, लोन, लॉटरी एवं अन्य साइबर धोखाधड़ी के मामलों से सतर्क रहने की समझाइश भी दी गई।
🖊️साथ ही आमजन को बताया गया कि यदि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होती है तो तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, जिससे समय पर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
अभियान के दौरान प्रधान आरक्षक रविशंकर उईके एवं सैनिक अशफाक उपस्थित रहे। थाना दमुआ पुलिस द्वारा आमजन की सुरक्षा एवं साइबर अपराधों की रोकथाम के उद्देश्य से इस प्रकार के जनजागरूकता अभियान आगे भी निरंतर संचालित किए जाते रहेंगे।
🖊️ राष्ट्रीय समाचार पत्रिका असेंबली रिपोर्टर भगवानदास साहू







