धमतरी पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ अपनी सख्त कार्रवाई जारी रखते हुए एक महिला को गांजे की अवैध बिक्री करते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) श्री सूरज सिंह परिहार के कड़े निर्देशन में जिले भर में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना सिहावा पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि ग्राम गिधावा में एक महिला अपने ही घर से गांजा बेचने का अवैध कारोबार संचालित कर रही है।
सूचना पर त्वरित एक्शन लेते हुए सिहावा पुलिस की टीम ने स्वतंत्र गवाहों को साथ लेकर संदेही के घर पर योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी। तलाशी के दौरान पुलिस ने घर के अंदर पलंग के नीचे छिपाकर रखा गया 1.150 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया। आरोपी महिला गांजा रखने या बेचने से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सकी। पुलिस ने मौके से मादक पदार्थ के साथ-साथ गांजा बिक्री की नगद रकम 2,650 रुपये और एक की-पैड मोबाइल फोन भी जब्त किया है। जब्त की गई इस कुल सामग्री की अनुमानित कीमत 49,650 रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार की गई आरोपिया की पहचान 39 वर्षीय धनेश्वरी साहू (पति कोमल साहू) निवासी ग्राम गिधावा के रूप में हुई है। सिहावा पुलिस ने आरोपिया के खिलाफ अपराध क्रमांक 49/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) का मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। एसपी श्री सूरज सिंह परिहार के नेतृत्व में धमतरी पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे नशामुक्त समाज बनाने के लिए ऐसे अवैध कारोबारों की सूचना पुलिस को दें, सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह गुप्त रखा जाएगा।
रिपोर्ट ;मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ पुलिसवाला न्यूज़







