मनेंद्रगढ़ के 220 बिस्तर अस्पताल में पांच गंभीर बच्चों का सफल इलाज
डॉ. राजीव गुप्ता और टीम ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में बचाई चार वर्षीय बच्ची की जान, रेफर की सलाह के बावजूद अस्पताल में ही हुआ सफल उपचार
मनेंद्रगढ़ – एमसीबी
मनेंद्रगढ़ के 220 बिस्तरीय चिकित्सालय में चिकित्सकों की दक्षता, सेवा भावना और समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण एक बार और देखने को मिला। अस्पताल में पांच गंभीर बाल मरीजों का सफल उपचार एवं ऑपरेशन किया गया। इनमें 5 से 10 वर्ष आयु के चार बच्चों के हर्निया का सफल ऑपरेशन अस्पताल में किया गया, जबकि एक चार वर्षीय मासूम बच्ची, जो लगभग 35 प्रतिशत तक झुलस गई थी, उसका भी सफल उपचार कर उसकी जान बचाई गई। समाचार लिखे जाने तक सभी पांचों बच्चों की स्थिति सामान्य एवं स्वास्थ्य में लगातार सुधार बताया गया।
अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार गंभीर रूप से झुलसी चार वर्षीय बच्ची को उपचार के लिए अस्पताल लाया गया था। प्राथमिक जांच के दौरान जनरल सर्जन डॉ. राजीव गुप्ता ने उपलब्ध संसाधनों को देखते हुए बेहतर बर्न मैनेजमेंट सुविधा वाले उच्च चिकित्सा केंद्र में रेफर करने की सलाह दी थी। हालांकि बच्ची के परिजनों ने बाहर जाने से इनकार कर दिया और अस्पताल में ही उपचार कराने का आग्रह किया।
परिजनों की इच्छा और बच्ची की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉ. राजीव गुप्ता ने अपनी पूरी टीम के साथ उपचार प्रारंभ किया। चिकित्सकों ने निरंतर निगरानी, वैज्ञानिक उपचार पद्धति और समन्वित प्रयासों से बच्ची की हालत में तेजी से सुधार किया। चिकित्सकों की मेहनत रंग लाई और मासूम की जान बच गई।
इसी दौरान अस्पताल में 5 से 10 वर्ष आयु के चार बच्चों के हर्निया के ऑपरेशन सफलतापूर्वक किए गए। सभी ऑपरेशन सफल रहे और बच्चे पूरी तरह सुरक्षित हैं। चिकित्सकों के अनुसार समय पर सर्जरी होने से बच्चों को भविष्य में होने वाली गंभीर जटिलताओं से भी राहत मिलेगी। इससे एक बार फिर साबित हुआ कि मनेंद्रगढ़ का 220 बिस्तरीय चिकित्सालय अब गंभीर सर्जिकल मामलों के उपचार में भी लगातार बेहतर परिणाम दे रहा है।
अस्पताल अधीक्षक डॉ. स्वप्निल तिवारी ने बताया कि मनेंद्रगढ़ चिकित्सालय में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए मरीजों को हर संभव उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम, आधुनिक उपकरणों एवं समर्पित स्वास्थ्य कर्मियों के सहयोग से गंभीर से गंभीर मरीजों का भी सफल उपचार किया जा रहा है। भविष्य में भी मरीजों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए अस्पताल प्रबंधन लगातार प्रयासरत रहेगा।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार इस सफलता के पीछे अनुभवी चिकित्सकों और ऑपरेशन थिएटर स्टाफ की सामूहिक मेहनत रही। पूरे उपचार के दौरान सभी मरीजों की लगातार निगरानी की गई और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।
सफल ऑपरेशन करने वाली टीम में डॉ. राजीव गुप्ता – जनरल सर्जन,डॉ. एल. पी. मराबी – एनेस्थेटिस्ट, डॉ. फिरोज शेख – एनेस्थेटिस्ट, पुष्पा पटेल – ओटी इंचार्ज, प्रियंका साहू – ओटी स्टाफ, मुकेश शर्मा – ओटी स्टाफ, आकांक्षा जायसवाल – ओटी स्टाफ, संजय द्विवेदी – ओटी स्टाफ तथा रजिस्टर के अनुसार सफल उपचार प्राप्त मरीजों में रामचरण (जनरल हाइड्रोसील), प्रियंका (दायां इंगुइनल हर्निया), सलीमन (दायां इंगुइनल हर्निया), सहयम (दायां इंगुइनल हर्निया), रोशनी (लगभग 35 प्रतिशत बर्न) तथा सोमेश (दायां इंगुइनल हर्निया) शामिल हैं।
इस सफल उपचार के बाद क्षेत्रवासियों में अस्पताल के प्रति विश्वास और भी मजबूत हुआ है। लोगों का कहना है कि अब मनेंद्रगढ़ का 220 बिस्तरीय चिकित्सालय बच्चों के जटिल ऑपरेशन और गंभीर मामलों का भी सफलतापूर्वक इलाज कर रहा है, जिससे मरीजों को बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ रहा है।
संवाददाता – योगेन्द्र प्रताप सिंह ब्यूरो चीफ







