*रेलवे रनिंग रूम में खराब भोजन से सुरक्षा दांव पर: लोको पायलट और ट्रेन मैनेजरों में भारी आक्रोश*
बिलासपुर/शहडोल:-साउथ ईस्ट सेंट्रल रेलवे (SECR) के विभिन्न रनिंग रूम्स में लोको पायलटों, सहायक लोको पायलटों (ALP) और ट्रेन मैनेजरों (गार्ड) को परोसे जा रहे भोजन की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। बिलासपुर, उसलापुर, पेंड्रा रोड, बिजुरी, करंजी और शहडोल जैसे प्रमुख स्टेशनों के रनिंग रूम्स से लगातार घटिया और अस्वास्थ्यकर भोजन की शिकायतें सामने आ रही हैं, जिससे रेल कर्मियों में भारी असंतोष है।
*सेहत से खिलवाड़: न पोषण, न स्वच्छता*
लगातार कई घंटों की तनावपूर्ण ड्यूटी के बाद लोको पायलटों के लिए पौष्टिक और स्वच्छ भोजन बेहद जरूरी है, क्योंकि उनकी मानसिक और शारीरिक सतर्कता पर ही हजारों यात्रियों की सुरक्षा टिकी होती है। कर्मचारियों का आरोप है कि रनिंग रूम्स में भोजन तैयार करते समय स्वच्छता के नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। भोजन में ताजगी गायब रहती है, सब्जियां और अन्य राशन निम्न स्तर के होते हैं, और कई बार खाना बेस्वाद और पूरी तरह पोषणहीन होता है।
*शिकायत करने पर सुधार के बजाय ‘प्रताड़ना’*
हैरानी की बात यह है कि रनिंग रूम में रखी शिकायत पुस्तिका (कम्प्लेंट बुक) में बार-बार कमियां दर्ज कराने के बाद भी मंडल प्रशासन द्वारा कोई सुधारात्मक कदम नहीं उठाया जा रहा है। रेल कर्मियों का आरोप है कि व्यवस्था को दुरुस्त करने के बजाय, शिकायत दर्ज कराने वाले कर्मचारियों को ही मंडल रेल अधिकारियों द्वारा मानसिक रूप से प्रताड़ित कर ट्रांसफर कर दिया जाता है।
*यात्रियों की सुरक्षा पर बड़ा प्रश्नचिह्न*
रेल संगठनों का कहना है कि जब ट्रेन चलाने वाले मुख्य चालक ही कुपोषण और खराब सेहत से जूझेंगे, तो रेलवे की ‘संरक्षा और सुरक्षा’ कैसे सुनिश्चित होगी? प्रशासन का यह अड़ियल रवैया किसी बड़ी दुर्घटना को निमंत्रण दे रहा है।
*कर्मचारियों की प्रमुख मांगें:*
रनिंग रूम के भोजन और राशन की नियमित व औचक जांच (Surprise Inspection) हो।
भोजन पकाने के स्थान पर कड़ी स्वच्छता व्यवस्था लागू की जाए।
ठेकेदारों द्वारा गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री का उपयोग सुनिश्चित हो।
कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही भोजन की गुणवत्ता में सुधार नहीं किया गया और प्रताड़ना बंद नहीं हुई, तो वे सुरक्षा और अपने अधिकारों के लिए बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
*अजय पाल*





