डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया
*ग्रामीण अंचलों को मिलेगी राहत, 46 नए हैंडपंपों के खनन को मंजूरी*
पेयजल संकटग्रस्त बसाहटों में जल्द शुरू होगा नलकूप खनन, जिला प्रशासन ने तेज किए प्रयास
डिंडौरी। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल करते हुए 46 नवीन नलकूप खनन एवं हैंडपंप स्थापना कार्यों को स्वीकृति प्रदान की है। इन कार्यों के पूरा होने से पेयजल संकट से जूझ रही कई ग्रामीण बसाहटों को राहत मिलने की उम्मीद है।
जानकारी के अनुसार, सांसद, शहपुरा एवं डिंडौरी विधानसभा क्षेत्र के विधायकों सहित अन्य जनप्रतिनिधियों से प्राप्त प्रस्तावों एवं अनुशंसाओं का शासन के निर्धारित मापदंडों के अनुरूप परीक्षण किया गया। आवश्यकता और प्राथमिकता के आधार पर जिला स्तरीय समिति द्वारा 46 नवीन हैंडपंप खनन एवं स्थापना कार्यों को मंजूरी दी गई है।
प्रशासन ने बताया कि स्वीकृत बसाहटों में शीघ्र ही रेजिस्टिविटी सर्वे कराया जाएगा, जिसके बाद नलकूप खनन कार्य प्रारंभ किए जाएंगे। इससे प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षित एवं सुगम पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित हो सकेगी।
कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिव्यांशु चौधरी के मार्गदर्शन में जिले में पेयजल व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि ग्रीष्मकालीन परिस्थितियों को देखते हुए पेयजल संकट वाले क्षेत्रों की नियमित निगरानी की जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जिला प्रशासन ने ग्रामीण नागरिकों को आश्वस्त किया है कि पेयजल उपलब्धता बढ़ाने और जल संकट की समस्या के समाधान के लिए सभी आवश्यक कदम प्राथमिकता के आधार पर उठाए जा रहे हैं।







