जबलपुर। थाना रांझी पुलिस ने वृद्धा की अंधी हत्या एवं चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार 27 मई 2026 को हनुमान नगर, अलना बाबा के पीछे स्थित एक मकान में रहने वाली वृद्धा पुष्पा शर्मा का शव उनके घर के पास एक कुएं में मिला था। जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि वृद्धा के गले से मंगलसूत्र, पैरों की पायल सहित अन्य जेवर गायब थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। जांच एवं पूछताछ के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी रामगोपाल मिश्रा उर्फ गोपाल (45 वर्ष) निवासी हनुमान नगर अक्सर वृद्धा के घर आता-जाता था।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि 26 मई की रात चोरी करने की नीयत से वह वृद्धा के घर में घुसा था। वृद्धा द्वारा पहचान लिए जाने पर उसने उनके साथ मारपीट की, गला दबाया तथा सिर पर वार कर उनकी हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने मंगलसूत्र, पायल एवं अन्य जेवर चोरी कर लिए और शव को कुएं में फेंक दिया ताकि घटना छिपाई जा सके।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए जेवर एवं अन्य सामान बरामद कर लिया है। आरोपी के विरुद्ध धारा 103(1), 332(बी), 238(ए) बीएनएस सहित अन्य धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस अधीक्षक द्वारा मामले का खुलासा करने वाली टीम की सराहना की गई है। रिपोर्टर सुरभि जैन जिला ब्यूरो जबलपुर








