छिंदवाड़ा, 03 जून 2026। उमरानाला पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने, गाली-गलौज करने तथा जान से मारने की धमकी देकर मौके से रेत से भरा डंपर लेकर फरार होने वाले आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपियों का छिंदवाड़ा शहर में जुलूस निकालकर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेजने के आदेश जारी किए गए।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 27 मई 2026 को तहसीलदार एवं उनके चालक द्वारा रेत परिवहन कर रहे एक डंपर की जांच की जा रही थी। इसी दौरान आरोपियों ने शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग किया तथा जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी डंपर में भरी रेत खाली कर वाहन सहित मौके से फरार हो गए। शिकायत के आधार पर थाना मोहखेड़ में अपराध क्रमांक 250/26 अंतर्गत धारा 132, 296(ए), 351(3), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) श्री रामेश्वर प्रसाद चौबे एवं थाना प्रभारी मोहखेड़ निरीक्षक श्री विजयराव माहोरे के मार्गदर्शन में गठित पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी अर्जुनवाड़ी स्थित क्रेशर की ओर से मुलताई सर्किल से लिंगा सर्किल की तरफ काले रंग की थार वाहन में जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने लिंगा सर्किल के पास घेराबंदी कर वाहन को रोककर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में आसिफ खान, अयूब खान एवं शमशेर खान शामिल हैं। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त टाटा कंपनी का नया डंपर एवं काले रंग की थार (क्रमांक MP-28-ZD-8323) जब्त की है। जब्त वाहनों की कुल अनुमानित कीमत लगभग 75 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने बताया कि मामले से जुड़े सभी चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा घटना में प्रयुक्त सभी वाहनों को जब्त कर लिया गया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी उमरानाला उपनिरीक्षक राजेश साहू, सहायक उपनिरीक्षक संतोष बघेल, सहायक उपनिरीक्षक अखिलेश तिवारी, प्रधान आरक्षक श्याम ठाकरे, प्रधान आरक्षक नितेश पटेल एवं प्रधान आरक्षक हेमंत इंदुलकर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। ब्यूरो छिंदवाड़ा पुलिसवाला _अमित मिश्रा







