कांकेर पुलिस और बीएसएफ की मुस्तैदी से टला बड़ा हादसा, तेंदूपत्ता ट्रक में लगी आग पर पाया काबू
कांकेर। उत्तर बस्तर कांकेर के कोयलीबेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत बाजार में विद्युत तारों की चपेट में आने से तेंदूपत्ता से भरे एक ट्रक में भीषण आग लग गई। पनिडोबीर से आ रहे ट्रक (CG 21 J 7755) में करीब 300 बोरी सूखा तेंदूपत्ता लोड होने के कारण आग तेजी से फैलने लगी, हालांकि चालक ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचा ली। बाजार क्षेत्र में दुकानों और मकानों को खतरे में देख सूझबूझ दिखाते हुए वाहन को खुले मैदान की ओर ले जाया गया।

घटना की सूचना मिलते ही कोयलीबेड़ा थाना पुलिस और 40वीं वाहिनी बीएसएफ की टीम तुरंत एक्शन में आई। बीएसएफ के श्री इंद्रम (DC/Adjt) के निर्देशन में सूबेदार मेजर अरविंद कुमार सहित 16 जवानों की टीम वॉटर टैंकर और अग्निशमन उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। कोयलीबेड़ा पुलिस, बीएसएफ के जवानों और अंतागढ़ से बुलाए गए फायर ब्रिगेड के संयुक्त व साहसिक प्रयास से आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया, जिससे आस-पास की भारी जन-धन की हानि टल गई। कांकेर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि विद्युत तारों के नीचे से भारी वाहन सावधानीपूर्वक निकालें और आपात स्थिति में तत्काल 112 पर सूचना दें।
रिपोर्ट:मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़







