कांकेर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: नकली नोट छापने वाले गिरोह का भंडाफोड़, लाखों के जाली नोटों के साथ आरोपी गिरफ्तार
कांकेर। उत्तर बस्तर कांकेर पुलिस ने नकली नोटों के काले कारोबार के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक श्री निखिल अशोक कुमार राखेचा (भा.पु.से.) के कुशल निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री योगेश कुमार साहू एवं श्री दिनेश कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन में थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने जाली नोटों को बाजार में खपाने की कोशिश कर रहे एक युवक को धर दबोचा है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने लाखों रुपये के नकली नोट और उन्हें बनाने की सामग्री बरामद की है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
एसडीओपी कांकेर श्री मोहसिन खान के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी प्रतीक दादासाहब बंसोडे (भा.पु.से.) के नेतृत्व में गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई की। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति नकली नोटों को असली के रूप में चलाने और बेचने की फिराक में घूम रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर कोदाभाट निवासी 29 वर्षीय युगल नाग को हिरासत में लिया।
बरामदगी और कानूनी कार्रवाई
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 500 रुपये के कुल 1308 नकली नोट बरामद हुए, जिनका कुल मूल्य 6,54,000 रुपये आंका गया है। इनमें से कुछ नोट ए-4 साइज पेपर पर छपे हुए थे और कुछ पूरी तरह कटे हुए थे। पुलिस ने मौके से सिक्योरिटी थ्रेड वाले 81 पेज और 4 मोबाइल फोन भी जप्त किए हैं। आरोपी के खिलाफ थाना कांकेर में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 178, 179 और 180 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
सराहनीय भूमिका और पुलिस की अपील
इस सफल अभियान में निरीक्षक यशवंत श्याम, निरीक्षक जितेन्द्र साहू, उप निरीक्षक सुरेन्द्र मानिकपुरी और प्रधान आरक्षक रूपेन्द्र पटेल सहित पूरे थाना स्टाफ की विशेष भूमिका रही। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस के हेल्पलाइन नंबर 94791-55125 पर दें, ताकि अपराधों पर अंकुश लगाया जा सके। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
रिपोर्ट: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ,पुलिसवाला न्यूज़







