कोटमा तिराहे पर ‘मजहर का गैस कांड’: घरेलू सिलेंडर से काटी जा रहीं कंडम बसें, हादसे को खुला न्योता
शहर के कोटमा तिराहे के पास नियमों को ताक पर रखकर घरेलू गैस सिलेंडरों का खतरनाक और अवैध इस्तेमाल खुलेआम किया जा रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार मजहर नामक व्यक्ति सड़क किनारे घरेलू लाल गैस सिलेंडरों से कटर मशीन चलाकर कंडम बसों को काटने का काम कर रहा है। हैरानी की बात यह है कि यह पूरा खेल प्रशासन और जिम्मेदार विभागों की नजरों के सामने जारी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

जानकारी के मुताबिक घरेलू एलपीजी सिलेंडर, जो केवल रसोई उपयोग के लिए निर्धारित हैं, उनका उपयोग लोहे काटने जैसी जोखिम भरी गतिविधियों में किया जा रहा है। सड़क किनारे बिना किसी सुरक्षा इंतजाम के बसों की कटाई होने से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि गैस रिसाव या तकनीकी चूक होने पर विस्फोट जैसी स्थिति बन सकती है, जिससे आसपास मौजूद लोगों की जान खतरे में पड़ सकती है।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि कई बार शिकायतें किए जाने के बावजूद न खाद्य विभाग ने जांच की, न गैस एजेंसियों ने निगरानी दिखाई और न ही प्रशासन ने अवैध गतिविधि पर रोक लगाने की कोशिश की। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो यह लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर मजहर द्वारा खुलेआम किए जा रहे इस अवैध काम पर प्रशासन कब कार्रवाई करेगा? क्या जिम्मेदार विभाग किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहे हैं, या फिर नियम केवल आम लोगों के लिए ही बनाए गए हैं?
अजय पाल







