
शहडोल (मध्य प्रदेश): जिले की जयसिंहनगर थाना पुलिस ने अवैध मवेशी परिवहन के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए कुल 76 मवेशियों को क्रूरता से मुक्त कराया और परिवहन में प्रयुक्त दो डीसीएम ट्रकों को जब्त किया है। जब्त किए गए मवेशियों और वाहनों की कुल कीमत लगभग 49 लाख रुपये आंकी गई है।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सीधी जिले से जयसिंहनगर होते हुए ब्यौहारी मार्ग से मवेशियों को क्रूरतापूर्वक ठूस-ठूस कर उत्तर प्रदेश के बूचड़खानों की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना पर त्वरित संज्ञान लेते हुए जयसिंहनगर पुलिस टीम ने बंधा बाजार के पास घेराबंदी की।
अमानवीय परिस्थितियों में मिले मवेशी
पहली कार्रवाई में ट्रक क्रमांक MP53ZC3560 को रोका गया, जिसका चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। तलाशी में ट्रक के अंदर 40 मवेशी अमानवीय स्थिति में मिले। दूसरी कार्रवाई में ट्रक क्रमांक UP71CT9144 को पकड़कर चालक मोहम्मद वली (निवासी सीधी) को गिरफ्तार किया गया, जिसमें 36 मवेशी लदे थे। दोनों वाहनों में मवेशियों को रस्सियों से बांधकर बिना दाने-पानी के रखा गया था।
कानूनी कार्यवाही और टीम की भूमिका
पुलिस ने सभी मवेशियों का चिकित्सकीय परीक्षण कराकर उन्हें कौआसरई स्थित गौशाला में सुरक्षित सुपुर्द कर दिया है। आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम, म.प्र. कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम और मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
इस सफल अभियान में थाना प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार बैगा के नेतृत्व में सउनि मिथला प्रसाद, प्र.आर. लाला प्रसाद, बोके सिंह, रोहित यादव और आरक्षक नीरज शुक्ला सहित पूरी टीम की सराहनीय भूमिका रही।
अजय पाल








