आमानाका पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अफीम और डोडा के साथ तस्कर गिरफ्तार, 15 लाख से अधिक का माल जप्त
रायपुर। राजधानी रायपुर के आमानाका थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशीले पदार्थों के विरुद्ध एक और प्रभावी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अफीम और डोडा चूरा के साथ एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) श्री संदीप पटेल के मार्गदर्शन में ए.डी.सी.पी श्री राहुल देव शर्मा, ए.सी.पी (पुरानी बस्ती) देवांश सिंह राठौर और ए.सी.पी (आजाद चौक) श्री ईशु अग्रवाल के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी सुधांशु बघेल के नेतृत्व वाली टीम ने यह सफलता हासिल की।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अटारी रोड स्थित डी.आर.जी ट्रांसपोर्ट के सामने खड़े एक ट्रेलर (क्रमांक PB-05-AB-9313) का चालक भारी मात्रा में मादक पदार्थ बेचने की फिराक में है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी बलराम सिंह (55 वर्ष), निवासी अमृतसर (पंजाब) को धर दबोचा। तलाशी लेने पर वाहन से 79.30 ग्राम अफीम और 4 किलो 432 ग्राम डोडा बरामद किया गया। पुलिस ने मादक पदार्थों समेत परिवहन में प्रयुक्त ट्रेलर और मोबाइल फोन जप्त कर लिया है, जिसकी कुल कीमत लगभग 15.25 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब नशीले पदार्थों की तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेजेस की तलाश में जुटी है।
रिपोर्ट :मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ,पुलिसवाला न्यूज़







